टैरिफ से जुड़ी चिंताओं के बीच सेंसेक्स, निफ्टी कमजोर शुरुआत के साथ खुलेBy Admin Wed, 07 January 2026 05:41 AM









मुंबई — भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने और टैरिफ से जुड़ी नई चिंताओं के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक शुरुआती कारोबार में हल्की गिरावट के साथ खुले। एशियाई बाजारों से मिले मिले-जुले संकेतों का भी घरेलू बाजार पर असर दिखा।

सुबह 9.30 बजे तक सेंसेक्स 156 अंकों या 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,907 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 54 अंक या 0.21 प्रतिशत फिसलकर 26,124 पर आ गया।

हालांकि, व्यापक बाजार में बेंचमार्क सूचकांकों से अलग रुझान देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 में 0.22 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.25 प्रतिशत की तेजी रही।

सेक्टोरल आधार पर निफ्टी ऑटो सबसे ज्यादा नुकसान में रहा और इसमें 0.49 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी और मेटल सेक्टर में क्रमशः 1.15 प्रतिशत, 0.91 प्रतिशत और 0.53 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार निफ्टी के लिए तत्काल सपोर्ट 26,000–26,050 के दायरे में है, जबकि रेजिस्टेंस 26,300–26,350 के स्तर पर देखा जा रहा है।

विश्लेषकों का कहना है कि हालिया सत्रों में बाजार में किसी स्पष्ट ट्रेंड या दिशा का अभाव रहा है और कुछ चुनिंदा बड़े शेयरों का असमान प्रभाव बाजार की चाल को प्रभावित कर रहा है। सकारात्मक संस्थागत खरीद के बावजूद, दो प्रमुख शेयरों में तेज गिरावट के कारण निफ्टी मंगलवार को 71 अंक नीचे बंद हुआ।

उन्होंने बताया कि इन दोनों शेयरों में डेरिवेटिव और कैश मार्केट में भारी वॉल्यूम से संकेत मिलता है कि यह गतिविधि सेटलमेंट डे से जुड़ी तकनीकी वजहों से थी, न कि किसी बुनियादी कारण से।

आने वाले दिनों में घटनाक्रम और खबरों के चलते बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के किसी ट्वीट या फैसले पर निवेशकों की खास नजर बनी हुई है। इसके अलावा, ट्रंप के टैरिफ से जुड़े मामले पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी निवेशक बारीकी से देख रहे हैं। यदि फैसला पारस्परिक टैरिफ के खिलाफ जाता है, तो शेयर बाजारों में भारी अस्थिरता आ सकती है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, जहां रक्षा क्षेत्र के शेयरों में दो दिन की तेजी के बाद मुनाफावसूली देखने को मिली। निवेशकों ने वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले और ग्रीनलैंड को लेकर नई बयानबाजी के बाद भू-राजनीतिक जोखिमों का आकलन किया।

एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.29 प्रतिशत और शेनझेन 0.35 प्रतिशत चढ़ा। जापान का निक्केई 0.64 प्रतिशत गिरा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 1.01 प्रतिशत टूट गया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार करता दिखा।

अमेरिकी बाजार मंगलवार रात सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। नैस्डैक में 0.65 प्रतिशत, एसएंडपी 500 में 0.62 प्रतिशत और डॉव जोंस में 0.99 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

6 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुद्ध रूप से 106 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,749 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीद की।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement