P&G हाइजीन का चौथी तिमाही मुनाफा 2 फीसदी घटा, राजस्व में भी आई गिरावटBy Admin Thu, 28 May 2026 05:18 PM

बई : Procter & Gamble की भारतीय इकाई P&G Hygiene and Health Care Limited ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर करीब 2 प्रतिशत घटकर 153 करोड़ रुपये रह गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 156 करोड़ रुपये था।

स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, कंपनी का परिचालन से राजस्व भी 5.1 प्रतिशत गिरकर 941 करोड़ रुपये रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 992 करोड़ रुपये था।

हालांकि, कमजोर राजस्व के बावजूद कंपनी के परिचालन प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला। तिमाही के दौरान EBITDA 4.1 प्रतिशत बढ़कर 218 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 210 करोड़ रुपये था। वहीं EBITDA मार्जिन बढ़कर 23.2 प्रतिशत पहुंच गया, जो एक साल पहले 21.1 प्रतिशत था।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 60 रुपये के अंतिम लाभांश (फाइनल डिविडेंड) की भी घोषणा की है। इसके तहत शेयरधारकों को कुल करीब 194.76 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा।

फाइनल डिविडेंड पाने के पात्र शेयरधारकों की पहचान के लिए रिकॉर्ड डेट 17 अगस्त तय की गई है। कंपनी ने कहा कि वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद 18 सितंबर से डिविडेंड का भुगतान शुरू किया जाएगा।

इससे पहले फरवरी 2026 में कंपनी ने 170 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश (इंटरिम डिविडेंड) और 25 रुपये प्रति शेयर का विशेष लाभांश (स्पेशल डिविडेंड) घोषित किया था।

वहीं, पिछले डिविडेंड भुगतान की बात करें तो अगस्त 2025 में 65 रुपये प्रति शेयर, फरवरी 2025 में 110 रुपये प्रति शेयर और नवंबर 2024 में 95 रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया गया था।

 

With inputs from IANS