SUV और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग से ऑटो सेक्टर को रफ्तार, जुलाई में कंपनियों की बिक्री में जोरदार उछालBy Admin Sat, 01 August 2026 02:49 PM

नई दिल्ली: देश के यात्री वाहन (पैसेंजर व्हीकल) बाजार ने जुलाई में शानदार प्रदर्शन किया। एसयूवी की मजबूत मांग, इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बढ़ती बिक्री और निर्यात में तेजी के दम पर प्रमुख वाहन कंपनियों ने साल-दर-साल आधार पर उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की।

हुंडई मोटर इंडिया ने जुलाई में अपनी स्थापना के बाद का अब तक का सर्वाधिक मासिक बिक्री रिकॉर्ड बनाया। कंपनी ने कुल 75,360 वाहन बेचे, जो पिछले साल की तुलना में 25.4 प्रतिशत अधिक है। घरेलू बाजार में बिक्री 23.3 प्रतिशत बढ़कर 54,210 यूनिट रही, जबकि निर्यात 31.4 प्रतिशत बढ़कर 21,150 यूनिट पहुंच गया, जो पिछले 100 महीनों में कंपनी का सबसे बेहतर निर्यात प्रदर्शन है।

हुंडई मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि नए तिमाही की शुरुआत शानदार रही है और यह उपलब्धि ग्राहकों के कंपनी पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।

वहीं, किआ इंडिया ने भी जुलाई में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ थोक बिक्री प्रदर्शन दर्ज किया। कंपनी की कुल डिस्पैच 27.4 प्रतिशत बढ़कर 28,200 यूनिट रही। जनवरी से जुलाई के बीच कंपनी की कुल थोक बिक्री 1,91,949 यूनिट रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 16.8 प्रतिशत अधिक है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिलाकर 63,760 वाहन बेचे, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 59 प्रतिशत की वृद्धि है। घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 62,611 यूनिट रही, जिसमें 58 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया।

टाटा मोटर्स का इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार भी तेजी से बढ़ा। जुलाई में कंपनी ने 15,217 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 7,124 यूनिट था। यानी EV बिक्री एक साल में दोगुने से भी अधिक हो गई।

महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) की कुल ऑटो बिक्री भी 26 प्रतिशत बढ़कर 1,03,860 यूनिट पहुंच गई। कंपनी की घरेलू यूटिलिटी व्हीकल (SUV) बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर 60,048 यूनिट रही।

इस बीच निसान मोटर इंडिया ने भी जुलाई में रिकॉर्ड थोक बिक्री दर्ज की। कंपनी की कुल डिस्पैच बढ़कर 9,339 यूनिट हो गई। घरेलू थोक बिक्री में 218 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की गई और यह 4,518 यूनिट रही, जबकि निर्यात 4,821 यूनिट रहा।

ADVERTISEMENT
Advertisement

निसान ने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय अपनी नई TEKTON SUV की लॉन्चिंग को दिया। जुलाई में इसकी डिलीवरी शुरू होने के साथ कंपनी ने अपनी एसयूवी रेंज को Magnite और Gravite के साथ और मजबूत किया।

जुलाई के बिक्री आंकड़े बताते हैं कि भारतीय ऑटो बाजार में एसयूवी की बढ़ती लोकप्रियता लगातार उद्योग की वृद्धि को गति दे रही है। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती स्वीकार्यता और निर्यात में मजबूती भी वाहन कंपनियों के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है।

 

With inputs from IANS