जुलाई में भारत का सर्विसेज पीएमआई 53.3 पर, निर्यात मांग और भर्ती ने दी मजबूतीBy Admin Wed, 05 August 2026 01:49 PM









नई दिल्ली: स्वस्थ निर्यात मांग और लगातार भर्ती के दम पर जुलाई में भारत का सेवा क्षेत्र (सर्विसेज सेक्टर) वृद्धि के दायरे में बना रहा। बुधवार को जारी एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज पीएमआई (परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

मौसमी प्रभावों को समायोजित करने के बाद एचएसबीसी इंडिया सर्विसेज पीएमआई बिजनेस एक्टिविटी इंडेक्स जुलाई में 53.3 दर्ज किया गया, जो जून में 57.4 था। हालांकि इसमें गिरावट आई है, लेकिन यह अब भी 50 के उस स्तर से ऊपर है, जो आर्थिक गतिविधियों में विस्तार और संकुचन के बीच की सीमा माना जाता है।

रिपोर्ट के अनुसार, सेवा क्षेत्र की गतिविधियां लगातार बढ़ती रहीं और विदेशों से मजबूत मांग इसके प्रमुख सहायक कारकों में से एक रही। कंपनियों ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन और अमेरिका के ग्राहकों से कारोबार में सुधार हुआ, जिससे नए निर्यात ऑर्डरों में कुल नए कारोबार की तुलना में अधिक तेज़ी से वृद्धि दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक, नए कारोबार में लगातार वृद्धि हुई, हालांकि इसकी रफ्तार फरवरी 2022 के बाद सबसे धीमी रही। कंपनियों ने इसके लिए घरेलू मांग में नरमी, कड़ी प्रतिस्पर्धा और ग्राहकों की कम पूछताछ को जिम्मेदार ठहराया।

रोजगार के मोर्चे पर जून के छह महीने के निचले स्तर के बाद जुलाई में भर्ती गतिविधियों में सुधार देखा गया। सेवा क्षेत्र की कंपनियों ने कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना जारी रखा। हालांकि रोजगार वृद्धि की गति अभी भी सीमित रही, लेकिन सेवा क्षेत्र में बेहतर भर्ती के कारण निजी क्षेत्र में कुल रोजगार सृजन को बल मिला।

एचएसबीसी की मुख्य भारत अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा, "जुलाई में भारत का सेवा क्षेत्र विस्तार करता रहा, हालांकि इसकी गति कुछ धीमी रही क्योंकि घरेलू और निर्यात, दोनों बाजारों में नए कारोबार की वृद्धि पिछले कई महीनों के मजबूत प्रदर्शन के बाद कुछ कम हुई। भर्ती गतिविधियों में मध्यम सुधार देखने को मिला, जबकि इनपुट लागत में नरमी और कंपनियों द्वारा बिक्री कीमतों में बढ़ोतरी के कारण लाभ मार्जिन बेहतर हुआ।"

ADVERTISEMENT
Advertisement

एचएसबीसी के अनुसार, जुलाई में इनपुट लागत महंगाई छह महीने के निचले स्तर पर रही और दीर्घकालिक औसत से भी कम रही, जबकि ईंधन, श्रम, कच्चे माल, प्रौद्योगिकी और परिवहन की लागत में वृद्धि जारी रही।

वहीं, कंपनियों ने अप्रैल के बाद सबसे तेज गति से अपनी सेवाओं की कीमतें बढ़ाईं, जिससे उनके लाभ मार्जिन को समर्थन मिला।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बेहतर मांग, बाजार की अनुकूल परिस्थितियों और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीदों के चलते कारोबारी विश्वास सकारात्मक बना रहा। हालांकि समग्र कारोबारी आशावाद सात महीने के निचले स्तर पर आ गया।

इस बीच, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र दोनों की गतिविधियों को मापने वाला एचएसबीसी इंडिया कंपोजिट पीएमआई आउटपुट इंडेक्स जुलाई में 54.3 पर रहा, जो निजी क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में लगातार विस्तार का संकेत देता है।

 

With inputs from IANS