बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत, 28 से 30 सितंबर की देशव्यापी हड़ताल टलीBy IANS Mon, 28 September 2026 12:21 PM

Photo: IANS

देशभर के लाखों बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अगले सप्ताह 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को फिलहाल टाल दिया है। रविवार को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई अंतिम दौर की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया।

बैंक यूनियन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, रविवार को IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई।

बैठक में बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही कुछ मांगों पर आगे बातचीत का रास्ता साफ हुआ। सभी शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक संयुक्त समिति तत्काल गठित की जाएगी। समिति इस व्यवस्था से जुड़े सभी विकल्पों पर विचार करेगी, संबंधित पक्षों से चर्चा करेगी और ऐसा समाधान तलाशने की कोशिश करेगी जिससे बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों के हितों का भी ध्यान रखा जा सके।

इसके अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़े प्रोत्साहन यानी PLI योजना में बदलाव को लेकर भी IBA के साथ बातचीत शुरू होगी। यूनियन की ओर से अधिकारियों की चिंताओं को सरकार के सामने रखने की बात कही गई है।

8 मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी बातचीत की जाएगी, ताकि उन्हें जल्द सुलझाया जा सके। इन सहमतियों के बाद UFBU ने फिलहाल अपने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों और हड़ताल को स्थगित करने का फैसला किया है।

इससे पहले प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले ग्राहकों को अतिरिक्त सुविधा देने के लिए कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को भी खुले थे। भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कई सरकारी बैंकों की शाखाओं में रविवार को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

यह विशेष व्यवस्था सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRBs) के लिए की गई थी, ताकि हड़ताल से पहले ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग काम पूरे कर सकें। हालांकि, रविवार को शाखाओं में उपलब्ध सेवाएं संबंधित शाखा की परिचालन व्यवस्था और कर्मचारियों की उपलब्धता पर निर्भर थीं।

रविवार को बैंक खोलने का फैसला 21 सितंबर को हुई एक बैठक के बाद लिया गया था। इसमें वित्त मंत्रालय, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, IBA और नाबार्ड (NABARD) के अधिकारी शामिल हुए थे।

हड़ताल टलने के बाद फिलहाल ग्राहकों को 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंक शाखाओं के लगातार तीन दिन बंद रहने से होने वाली संभावित परेशानी से राहत मिल गई है। हालांकि, कर्मचारियों की लंबित मांगों पर आगे होने वाली बातचीत के नतीजे इस मामले में महत्वपूर्ण होंगे।