त्योहारी सेल के पहले दो दिनों में ई-कॉमर्स कंपनियों ने की 24,000 करोड़ रुपये की बिक्रीBy IANS Sun, 11 October 2026 07:09 PM

Photo: IANS

भारत में त्योहारी खरीदारी के सीजन की शुरुआत ऑनलाइन बाजार के लिए शानदार रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ने सेल के शुरुआती दो दिनों में लगभग 24,000 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की। इस दौरान स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरणों और फैशन उत्पादों की मांग सबसे अधिक रही।

रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो और अजियो जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शुरुआती दो दिनों में कुल बिक्री का सकल मूल्य (जीएमवी) 2.5 अरब डॉलर से अधिक, यानी लगभग 24,200 करोड़ रुपये रहा।

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि देशभर में इस दौरान 8 से 9 करोड़ ऑर्डर दिए गए, जबकि करीब 6 से 6.5 करोड़ उपभोक्ताओं ने त्योहारी खरीदारी में हिस्सा लिया। बिक्री का यह आंकड़ा सामान्य दिनों में होने वाले औसत दैनिक कारोबार से लगभग छह गुना अधिक रहा।

स्मार्टफोन बिक्री में सबसे आगे रहे। कुल जीएमवी में इनकी हिस्सेदारी 38 से 40 प्रतिशत रही, जिसका अनुमानित मूल्य 9,100 से 9,600 करोड़ रुपये है। इसके बाद उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स का स्थान रहा। इस श्रेणी ने कुल बिक्री में 25 से 27 प्रतिशत का योगदान दिया, जो लगभग 6,000 से 6,500 करोड़ रुपये के बराबर है।

फैशन उत्पादों की बिक्री भी मजबूत रही। रिपोर्ट के अनुसार, इस श्रेणी की हिस्सेदारी 15 से 18 प्रतिशत रही और शुरुआती दो दिनों में इसका कारोबार लगभग 3,630 से 4,350 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

बड़े घरेलू उपकरणों और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की मांग में भी तेजी देखी गई। टेलीविजन, रेफ्रिजरेटर और एयर कंडीशनर की संयुक्त बिक्री बड़े घरेलू उपकरणों की कुल बिक्री के दो-तिहाई से अधिक रही।

टेलीविजन श्रेणी में 55 इंच के मॉडलों की मांग विशेष रूप से मजबूत रही। टीसीएल, एलजी, सैमसंग और शाओमी जैसे ब्रांडों के 55 इंच वाले मॉडल सबसे अधिक बिकने वाले उत्पादों में शामिल रहे। रिपोर्ट के अनुसार, इस श्रेणी के शीर्ष बिक्री वाले उत्पादों में इन मॉडलों की हिस्सेदारी तीन-चौथाई से अधिक रही।

रेडसीर ने बताया कि 2026 की पहली छमाही में ही इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई थी। साल के उत्तरार्ध में कीमतें बढ़ने की आशंका के बीच उपभोक्ताओं ने खरीदारी पहले करने को प्राथमिकता दी।

त्योहारी सेल के शुरुआती दो दिनों में इलेक्ट्रॉनिक्स के ऑर्डर सामान्य दैनिक स्तर से लगभग 14 गुना तक पहुंच गए। लैपटॉप और इंटरनेट से जुड़ने वाले उपकरणों की मजबूत मांग ने इस तेजी को बढ़ावा दिया।

फैशन क्षेत्र में भी सालाना आधार पर 22 से 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस श्रेणी की बिक्री सामान्य दैनिक स्तर से तीन से पांच गुना अधिक रही। खासकर किफायती त्योहारी कपड़ों की मांग बढ़ी, जिसमें टियर-2 शहरों और छोटे कस्बों के उपभोक्ताओं की अहम भूमिका रही।

रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी का विस्तार जारी है। स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे महंगे उत्पादों के साथ किफायती फैशन वस्तुओं की मजबूत मांग ने ई-कॉमर्स कंपनियों को शुरुआती दिनों में ही बड़ा कारोबार हासिल करने में मदद की है।