
Photo: IANS
नई दिल्ली। अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी क्वालकॉम ने अपने वैश्विक स्तर पर कार्यबल के पुनर्गठन की प्रक्रिया के तहत भारत में कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस प्रक्रिया से भारत में कंपनी के करीब 1,000 कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं, जो यहां उसके कुल कार्यबल का लगभग 5 से 6 प्रतिशत है।
रिपोर्टों के अनुसार, छंटनी की शुरुआत बेंगलुरु स्थित कंपनी के कार्यालयों से हुई है। शुरुआती कार्रवाई में मुख्य रूप से वरिष्ठ इंजीनियरों और लंबे समय से कंपनी के साथ काम कर रहे अनुभवी कर्मचारियों को प्रभावित किया गया है।
आने वाले दिनों में यह प्रक्रिया हैदराबाद, दिल्ली-एनसीआर और चेन्नई स्थित कंपनी के इंजीनियरिंग एवं अनुसंधान केंद्रों तक भी पहुंच सकती है।
मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि प्रभावित कर्मचारियों को तीन महीने के वेतन के बराबर मुआवजा दिया जा रहा है। इसके अलावा, कंपनी में उनकी सेवा अवधि के आधार पर अतिरिक्त भुगतान भी किया जा रहा है। बताया गया है कि जो कर्मचारी तीन दिनों के भीतर अपने नौकरी छोड़ने से संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगे, उन्हें प्रोत्साहन के रूप में एक महीने का अतिरिक्त वेतन देने की पेशकश की गई है। हालांकि, क्वालकॉम ने इन मुआवजा व्यवस्थाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) क्रिस्टियानो एमोन ने 20 अक्टूबर को वैश्विक स्तर पर कार्यबल के पुनर्गठन की घोषणा की थी। यह प्रक्रिया कंपनी की वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा के बाद कर्मचारियों की संख्या कम करने की योजना का हिस्सा है।
कंपनी ने इस कदम को प्रदर्शन आधारित प्रक्रिया बताते हुए कहा है कि इसका उद्देश्य जवाबदेही मजबूत करना और बदलती व्यावसायिक प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यबल को तैयार करना है।
हालांकि, भारत में वरिष्ठ और अनुभवी इंजीनियरों की छंटनी की खबरों ने इस पुनर्गठन के वास्तविक उद्देश्यों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। माना जा रहा है कि प्रदर्शन मूल्यांकन के साथ-साथ संगठनात्मक ढांचे को सुव्यवस्थित करने और लागत घटाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
रिपोर्टों के मुताबिक, कर्मचारियों के चयन में व्यक्तिगत प्रदर्शन रेटिंग, टीम के स्तर पर मूल्यांकन और वरिष्ठ प्रबंधन की राय को आधार बनाया जा सकता है। इसमें अमेरिका स्थित कंपनी के कारोबारी नेतृत्व की राय भी शामिल होने की बात कही गई है।
छंटनी की संभावित जद में रेडियो फ्रीक्वेंसी (आरएफ), ब्लूटूथ, वाई-फाई और ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम (जीएनएसएस) से जुड़ी इंजीनियरिंग टीमें भी बताई जा रही हैं।
गौरतलब है कि क्वालकॉम की कमाई में वैश्विक स्मार्टफोन बाजार की बड़ी हिस्सेदारी है। हालांकि, इस बाजार में बढ़ते दबाव के बीच कंपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी, कनेक्टेड डिवाइस और डेटा सेंटर के लिए सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में अपने कारोबार का विस्तार कर रही है।
इस बीच, वर्ष 2026 में वैश्विक टेक्नोलॉजी उद्योग में छंटनी का सिलसिला तेज हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल की पहली तिमाही में ही 80,000 से अधिक नौकरियां खत्म हो चुकी हैं। पूरे साल यह आंकड़ा तीन लाख के पार जाने की आशंका जताई गई है। ओरेकल, अमेजन और मेटा जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी कार्यबल में कटौती करने वाली कंपनियों में शामिल हैं।
क्वालकॉम में शुरू हुई यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है, जब वैश्विक टेक उद्योग बदलती तकनीकी जरूरतों, लागत नियंत्रण और एआई में बढ़ते निवेश के बीच अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव कर रहा है।