भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 44% की छलांग, छह महीने में 31.97 अरब डॉलर का कारोबारBy IANS Tue, 17 November 2026 04:44 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामानों का निर्यात सालाना आधार पर 44 प्रतिशत बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 22.2 अरब डॉलर था।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वृद्धि में स्मार्टफोन की अहम भूमिका रही है। हालांकि, अब भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में स्मार्टफोन के अलावा अन्य उत्पादों की हिस्सेदारी भी तेजी से बढ़ रही है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB), संचार उपकरण, मेमोरी चिप और स्टोरेज डिवाइस शामिल हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान स्मार्टफोन का निर्यात 35.8 प्रतिशत बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 13.38 अरब डॉलर था। स्मार्टफोन अब भी भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात का सबसे बड़ा हिस्सा बने हुए हैं।

हालांकि, कुल निर्यात में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 60.3 प्रतिशत से घटकर 56.8 प्रतिशत रह गई है। इसकी प्रमुख वजह अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों के निर्यात में अपेक्षाकृत तेज वृद्धि है।

गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 56.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह पिछले साल के 8.81 अरब डॉलर से बढ़कर 13.79 अरब डॉलर पहुंच गया। इसके परिणामस्वरूप कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इन उत्पादों की हिस्सेदारी 39.7 प्रतिशत से बढ़कर 43.2 प्रतिशत हो गई।

मंत्रालय के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट के निर्यात में भी उल्लेखनीय तेजी आई है। माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड सहित पार्ट्स और एक्सेसरीज का निर्यात 63.3 मिलियन डॉलर से बढ़कर 2.10 अरब डॉलर हो गया। इसमें 3,219 प्रतिशत की असाधारण वृद्धि दर्ज की गई। इस श्रेणी में सिंगापुर 1.87 अरब डॉलर के निर्यात के साथ सबसे बड़ा बाजार रहा, जबकि चीन को 111.5 मिलियन डॉलर का निर्यात किया गया।

इसी तरह, असेंबल और लोडेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात 304 प्रतिशत बढ़कर 864.1 मिलियन डॉलर पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 213.7 मिलियन डॉलर था। चीन इस उत्पाद का सबसे बड़ा खरीदार रहा, जहां 789.2 मिलियन डॉलर का निर्यात हुआ। वहीं, हांगकांग को निर्यात 5.9 मिलियन डॉलर से बढ़कर 25.3 मिलियन डॉलर हो गया।

नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरणों का निर्यात भी लगभग दोगुना होकर 1.45 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं, मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट के निर्यात में 2,333 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की गई और यह 562.4 मिलियन डॉलर हो गया।

सॉलिड-स्टेट नॉन-वोलेटाइल स्टोरेज डिवाइस के निर्यात में भी 1,680 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। अप्रैल-सितंबर के दौरान इनका निर्यात 260.5 मिलियन डॉलर रहा। चीन 108.6 मिलियन डॉलर के निर्यात के साथ इस श्रेणी का सबसे बड़ा बाजार बना। इसके बाद सिंगापुर को 76.8 मिलियन डॉलर, हांगकांग को 22.3 मिलियन डॉलर और अमेरिका को 20.7 मिलियन डॉलर का निर्यात किया गया।

इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात अब केवल स्मार्टफोन पर निर्भर नहीं रह गया है। कंपोनेंट, सर्किट बोर्ड, मेमोरी चिप और संचार उपकरणों की बढ़ती मांग से निर्यात के दायरे में विविधता आ रही है। गैर-स्मार्टफोन उत्पादों की बढ़ती हिस्सेदारी भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में देश की बढ़ती भूमिका को भी दर्शाती है।