
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारत के प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वाराणसी से मेडागास्कर के लिए बिस्कुट की पहली खेप रवाना की गई है। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने मंगलवार को इस निर्यात प्रक्रिया को सुगम बनाया। इसे उत्तर प्रदेश के उभरते खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अनाज आधारित प्रसंस्कृत उत्पादों की श्रेणी में लगभग 3,642 करोड़ रुपये के बिस्कुट का निर्यात किया। इसी अवधि में मेडागास्कर को भारत से करीब 7.60 करोड़ रुपये के बिस्कुट भेजे गए।
वाराणसी स्थित निर्माता और निर्यातक कंपनी श्री तिरुपति बालाजी इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने इस पहली खेप का निर्यात किया है। बिस्कुट की खेप को पहले सड़क मार्ग से वाराणसी से महाराष्ट्र के न्हावा शेवा स्थित जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (जेएनपीटी) पहुंचाया गया। इसके बाद समुद्री मार्ग से मेडागास्कर के तामाटावे बंदरगाह के लिए रवाना किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह पहल उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की बढ़ती निर्यात क्षमता को दर्शाती है। इससे क्षेत्रीय निर्माताओं को विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने और अपने कारोबार का विस्तार करने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
भारत और मेडागास्कर के बीच एपीडा के निर्धारित उत्पादों का मौजूदा व्यापार लगभग 990 करोड़ रुपये का है। ऐसे में बिस्कुट की पहली खेप को दोनों देशों के बीच कृषि एवं खाद्य उत्पादों के व्यापार को और विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाला एपीडा भारतीय निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंच बनाने में मदद कर रहा है। इसके लिए प्राधिकरण घरेलू और वैश्विक व्यापार मेलों में कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने सहित कई निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रम चला रहा है।
इसी क्रम में वाराणसी के निर्यातक को AAHAR 2026 और Gulfood 2026 जैसे प्रमुख व्यापार आयोजनों में भागीदारी के लिए सहायता दी गई। इन आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में निर्मित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रदर्शित करने और नए कारोबारी साझेदार बनाने के अवसर मिले हैं।
एपीडा का कहना है कि वह व्यापार सुविधाओं, निर्यातकों से संपर्क और अंतरराष्ट्रीय विपणन गतिविधियों के जरिए भारतीय उत्पादों के लिए नए बाजार खोलने पर ध्यान दे रहा है।
सरकार की इस पहल का व्यापक उद्देश्य केवल निर्यात के आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि छोटे और क्षेत्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ना भी है। वाराणसी से मेडागास्कर तक बिस्कुट की यह खेप इसी दिशा में एक नई शुरुआत मानी जा रही है।