
मुंबई। अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु ने हाल ही में अपने व्यक्तिगत जीवन में झेले गए संघर्षों और सार्वजनिक तौर पर झेलनी पड़ी आलोचनाओं पर खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि उनका जीवन “बहुत अधिक सार्वजनिक” रहा है और उन्हें अक्सर अपनी कमज़ोरी या संवेदनशीलता दिखाने के लिए ट्रोल किया जाता है।
एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2025 में बोलते हुए सामंथा ने कहा,
“जो भी मेरी यात्रा का अनुसरण करता है, वह जानता है कि मेरे निजी संघर्ष... मेरा अलगाव, मेरी बीमारी — सब कुछ बहुत ही सार्वजनिक रहा है। जब भी आप खुद को असली रूप में दिखाते हैं, तो आपको लगातार जज किया जाता है, ट्रोल किया जाता है।”
सत्र के दौरान सामंथा ने अपने निजी जीवन से लेकर पेशेवर निर्णयों तक कई पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा: द राइज़’ के गीत ‘ऊ अंतावा’ पर अपने चर्चित प्रदर्शन को लेकर भी खुलासा किया।
उन्होंने कहा,
“मैंने ‘ऊ अंतावा’ इसलिए किया ताकि देख सकूं कि क्या मैं कर सकती हूं। यह मेरे लिए खुद को दी गई एक चुनौती थी। मैंने कभी खुद को ‘सेक्सी’ नहीं माना, न ही किसी ने मुझे ‘बोल्ड रोल’ देने की सोची थी। यह बस एक बार का अनुभव था।”
इसके अलावा सामंथा ने महत्वाकांक्षा और सही मार्गदर्शन (mentorship) के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि महत्वाकांक्षा का होना जरूरी है, लेकिन उसमें उद्देश्य और सही दिशा होना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
“मैं बहुत महत्वाकांक्षी हूं। लेकिन महत्वाकांक्षा को किसी उद्देश्य के साथ होना चाहिए। आज के युवाओं के लिए यह जरूरी है कि वे अपने मेंटर्स बहुत सोच-समझकर चुनें। मैंने भी अपने मेंटर्स को सावधानीपूर्वक चुना, और उसी ने मेरे जीवन की दिशा बदल दी। इसलिए, ऊँचे पदों पर बैठे लोगों को भी ज़िम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए,” उन्होंने कहा।
काम के मोर्चे पर, सामंथा हाल ही में वेब सीरीज़ ‘सिटाडेल: हनी बनी’ (Citadel: Honey Bunny) में नजर आई थीं, जो 2024 में रिलीज़ हुई थी।
With inpust from IANS