
मुंबई- ‘बिग बॉस 19’ की पूर्व प्रतियोगी मालती चहर ने संगीतकार अमाल मलिक के साथ अपने नाम को जोड़े जाने की चर्चाओं पर आखिरकार चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने सभी अटकलों को खारिज करते हुए इसे मनगढ़ंत कहानी करार दिया और ऐसी बातों पर पूर्ण विराम लगाने की अपील की।
मालती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक सख्त शब्दों में लिखे गए बयान के जरिए स्पष्ट किया कि उनके और अमाल के बीच कभी कोई रिश्ता या तथाकथित “शिप” नहीं रही।
उन्होंने लिखा, “आइए इसे एक बार में साफ कर लेते हैं। अमाल और मेरे बीच कोई रिश्ता या किसी तरह की ‘शिप’ नहीं थी। उन्होंने मेरा नंबर मांगा था और हम सिर्फ एक बार मिले थे। हमने बातचीत की और कुछ निजी बातें साझा कीं। इसके बाद हम फोन पर संपर्क में रहे। बस इतना ही। हमारे बीच इसके अलावा कुछ भी नहीं था।”
मालती ने आगे बताया कि सुपरस्टार सलमान खान द्वारा होस्ट किए गए विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ में जब उन्होंने कहा था, “बाहर की बात नहीं करेंगे”, तो उसका मतलब अमाल की निजी जानकारी साझा न करने से था।
उन्होंने शो के दौरान उनके बारे में की गई टिप्पणियों को अपमानजनक बताया, जिनके बारे में उन्हें बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद ही जानकारी मिली।
मालती ने लिखा, “शो में अमाल द्वारा यह दिखाने की कोशिश करना कि मैं उन्हें इम्प्रेस करने की कोशिश कर रही थी और मेरे बारे में अपमानजनक टिप्पणियां करना बेहद असम्मानजनक था। यह सब मैंने बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद देखा।”
उन्होंने यह भी कहा कि अमाल ने शो से पहले और शो के दौरान कई बार अपने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बात की थी और उस समय उन्होंने सहानुभूति के साथ प्रतिक्रिया दी थी।
मालती ने आगे लिखा, “हां, उन्होंने कई बार अपने मानसिक स्वास्थ्य का जिक्र किया, शो से पहले भी और शो के दौरान भी। मैंने उस समय सहानुभूति दिखाई और मदद करने की कोशिश की, ताकि बाद में उन्हें पछतावा न हो। लेकिन अब मुझे ही इसका पछतावा हो रहा है। बस इतना ही। अब मुझे बख्श दीजिए। कृपया मेरा नाम उनके साथ न जोड़ें। धन्यवाद।”
With inputs from IANS