
मुंबई: नए साल पर अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए फिल्मकार संदीप रेड्डी वांगा ने 1 जनवरी की आधी रात को अपनी बहुप्रतीक्षित अगली फिल्म ‘स्पिरिट’ का पहला पोस्टर जारी किया।
पोस्टर में घायल अवस्था में प्रभास खिड़की के पास खड़े नजर आ रहे हैं, जबकि तृप्ति डिमरी उन्हें सिगरेट जलाते हुए दिखाई दे रही हैं।
पोस्टर में प्रभास बिना शर्ट के, ऑफ-व्हाइट पैंट और डार्क ग्लास पहने नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में शराब की बोतल है, जो किरदार की तीव्रता और आक्रामकता को दर्शाती है। वहीं तृप्ति डिमरी ने बेज रंग की पोशाक पहनी है और उनकी दाहिनी कलाई में सुनहरी चूड़ी दिखाई देती है।
फिल्म का प्राइमरी लुक सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संदीप रेड्डी वांगा ने लिखा, “INDIAN CINEMA.... witness your AJANUBAHUDU / AJANUBAHU Happy New Year 2026 (sic).”
गौरतलब है कि ‘स्पिरिट’ संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास की पहली प्रोफेशनल साझेदारी है। वहीं तृप्ति डिमरी के साथ वांगा इससे पहले फिल्म ‘एनिमल’ में काम कर चुके हैं, जिसमें रणबीर कपूर, अनिल कपूर और रश्मिका मंदाना भी प्रमुख भूमिकाओं में थे।
फिल्म ‘स्पिरिट’ की शूटिंग नवंबर 2025 में शुरू हुई थी। इसके मुहूर्त समारोह में फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें मेगास्टार चिरंजीवी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे।
लॉन्च इवेंट की तस्वीरें साझा करते हुए संदीप रेड्डी वांगा की प्रोडक्शन कंपनी भद्रकाली पिक्चर्स ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा, “भारत के सबसे बड़े सुपरस्टार #Prabhas की ‘SPIRIT’ का शुभारंभ मेगास्टार @KChiruTweets गरु की विशेष उपस्थिति में हुआ।”
चिरंजीवी के इस स्नेहपूर्ण gesture से भावुक होकर संदीप रेड्डी वांगा ने सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त करते हुए लिखा, “हमारे मेगास्टार चिरंजीवी सर का दिल से धन्यवाद, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से इस आयोजन को आशीर्वाद दिया। सर, आपका यह gesture अविस्मरणीय है — हम सभी आपसे प्रेम करते हैं @KChiruTweets #SPIRIT MUHURTHAM।”
प्रभास के जन्मदिन 23 अक्टूबर के अवसर पर फिल्म निर्माताओं ने फिल्म का एक प्रमोशनल टीज़र ‘साउंड स्टोरी’ भी जारी किया था, जिसमें प्रकाश राज और प्रभास की आवाज़ के माध्यम से फिल्म की दुनिया से परिचय कराया गया था।
प्रभास और तृप्ति डिमरी के अलावा ‘स्पिरिट’ में प्रकाश राज, विवेक ओबेरॉय और कंचना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
With inputs from IANS