ऋतिक रोशन ने अपनी ‘25 फीसदी बंगाली विरासत’ को गर्व के साथ किया साझाBy Admin Sat, 03 January 2026 04:49 AM

मुंबई — बॉलीवुड के ‘ग्रीक गॉड’ कहे जाने वाले अभिनेता ऋतिक रोशन ने हाल ही में अपनी सांस्कृतिक जड़ों की एक झलक साझा की और अपनी “25 फीसदी बंगाली विरासत” को खुले तौर पर सामने रखा।

गौरतलब है कि ऋतिक को अपने पिता की मां इरा रोशन के जरिए बंगाली विरासत मिली है। इरा रोशन एक बंगाली ब्राह्मण थीं और उनकी शादी दिग्गज संगीतकार रोशन लाल नागरथ से हुई थी।

ऋतिक ने इंस्टाग्राम पर बंगाली खान-पान के प्रति अपना प्रेम जाहिर करते हुए एक तस्वीर साझा की, जिसे उन्होंने #ShonarBangla और #MachcharJhol हैशटैग के साथ पोस्ट किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “मेरे अंदर की 25 फीसदी बंगाली रगें चमक रही हैं।”

ऋतिक को उनकी दादी इरा रोशन प्यार से ‘डुग्गू’ कहकर बुलाती थीं। यह नाम उनके पिता राकेश रोशन के बचपन के नाम ‘गुड्डू’ को उलटकर रखा गया था।

अभिनेता की यह तस्वीर उनके कजिन की शादी से पहले की मानी जा रही है, जिसमें वह पारंपरिक परिधान में नजर आ रहे हैं।

शुक्रवार को ऋतिक ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में एक लंबा भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने लिखा, “मेरे प्रिय एशु, तुम्हारी मौजूदगी मेरे जीवन में सिर्फ खून के रिश्तों या परिवार से कहीं बढ़कर है। तुम एक दुर्लभ और असाधारण इंसान हो, जो न सिर्फ मेरे जीवन में बल्कि इस परिवार के हर सदस्य के जीवन में अनगिनत तरीकों से सकारात्मक योगदान देता है।”

उन्होंने आगे लिखा, “पिछले कुछ वर्षों में मैंने तुम्हें एक समर्पित और जुनूनी फिल्ममेकर के रूप में विकसित होते देखा है। तुम्हारी खामोशी में ताकत है, तुम्हारी विनम्रता में गहराई है और अपनी पहचान बनाने की तुम्हारी अथक कोशिश मुझे प्रेरित करती है। एशु, अंदर से तुम एक विशाल व्यक्तित्व हो। अपनी शक्ति से मत डरना, उसे खुलकर सामने आने दो।”

ऋतिक ने आगे कहा, “तुम मेरे लिए सबसे अच्छे भाई और साथी हो। आज जब तुम और ऐश्वर्या पति-पत्नी के रूप में अपने नए सफर की शुरुआत कर रहे हो, तो मेरी कामना है कि तुम अपने निजी जीवन में भी उतनी ही सफलता और संतुष्टि पाओ, जितनी अपने पेशेवर जीवन में पाते हो। दोनों ही दुनियाएं अलग-अलग कौशल की मांग करती हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि तुम दोनों का आनंद उठाओगे।”

उन्होंने संदेश का समापन करते हुए लिखा, “और ऐशु, परिवार में तुम्हारा स्वागत है। तुम बाहर से जितनी खूबसूरत हो, अंदर से भी उतनी ही सुंदर हो। मैं तुम्हें और अधिक जानने के लिए बेहद उत्साहित हूं। आप दोनों से बहुत प्यार।”

कामकाज की बात करें तो ऋतिक रोशन अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बतौर निर्माता डेब्यू करने जा रहे हैं। वह प्राइम वीडियो के साथ थ्रिलर सीरीज ‘स्टॉर्म’ में जुड़ रहे हैं, जिसकी कहानी मुंबई पर आधारित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है।

‘स्टॉर्म’ को अजीतपाल सिंह ने क्रिएट और डायरेक्ट किया है, जो ‘तब्बर’ जैसी चर्चित सीरीज और सनडांस फिल्म फेस्टिवल में चयनित ‘फायर इन द माउंटेन्स’ के लिए जाने जाते हैं।

इसके अलावा अप्रैल 2025 में यह भी ऐलान किया गया था कि ऋतिक रोशन फिल्म ‘कृष 4’ के जरिए निर्देशन में कदम रखने जा रहे हैं। पिछले 22 वर्षों से इस फ्रेंचाइज़ी को आकार देने वाले ऋतिक अब इसे निर्देशन की कमान संभालते नजर आएंगे।

यह फिल्म यशराज फिल्म्स और राकेश रोशन के सहयोग से बनाई जा रही है। ऋतिक इस फिल्म में निर्देशन के साथ-साथ अभिनय भी करेंगे और एक बार फिर सुपरहीरो कृष के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग अगले साल की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।

 

With inputs from IANS