विद्या मालवडे ने कठिन योग आसनों का किया शानदार प्रदर्शनBy Admin Wed, 14 January 2026 03:05 AM

मुंबई- अभिनेत्री विद्या मालवडे एक समर्पित योग साधिका हैं और उनके सोशल मीडिया पोस्ट इसका साफ प्रमाण हैं। अभिनेत्री ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई पोस्ट साझा किए, जिनमें वह अष्टांग योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास करती नजर आ रही हैं।

उत्तानपादासन, पादहस्तासन, मत्स्यासन, उठपुटिहि, प्रसारित पादोत्तानासन, योगमुद्रा, उत्थित हस्त, पादांगुष्ठासन जैसे कठिन आसनों को विद्या ने बेहद सहजता और पेशेवर अंदाज में किया।

जो लोग नहीं जानते, उनके लिए बता दें कि विद्या हमेशा से फिटनेस को लेकर बेहद सजग रही हैं और स्वस्थ जीवनशैली को लगातार बढ़ावा देती रही हैं।

इससे पहले भी विद्या ने यह साबित किया है कि सेहतमंद रहना न तो महंगा होना जरूरी है और न ही स्वाद से समझौता करना पड़ता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह सॉरडो ब्रेड और अन्य हेल्दी सामग्रियों से स्वादिष्ट ब्रंच या नाश्ता तैयार करती दिखीं।

विद्या एक अर्ली राइजर हैं और उनका दिन सुबह करीब 6 बजे शुरू हो जाता है। सोशल मीडिया के जरिए अभिनेत्री ने बताया कि वह अपने दिन की शुरुआत छोटे लड्डुओं से करती हैं, जो अश्वगंधा, शतावरी और मोरिंगा गोली को नारियल तेल में मिलाकर बनाए जाते हैं।

इसके बाद सुबह करीब 6:15 बजे वह योग अभ्यास शुरू करने से पहले घर में बना घी, सत्तू और गुड़ का लड्डू खाती हैं।

वर्कआउट के बाद ‘चक दे इंडिया’ फेम अभिनेत्री सुबह 9 बजे ऐश गॉर्ड (पेठा) का जूस, नारियल पानी या फिर चुकंदर, गाजर, अदरक और नींबू का जूस लेती हैं। इसके बाद 9:30 बजे भीगे हुए मेवे, एक खजूर, अनार और एक अन्य फल के साथ प्रोटीन शेक का सेवन करती हैं।

विद्या दोपहर का भोजन 1 से 2 बजे के बीच करती हैं, जबकि रात का खाना वह शाम 6 बजे कर लेती हैं। उनके डिनर में सब्जियों और टोफू से भरा बेसन का चीला और पुदीने की चटनी शामिल होती है।

अभिनेत्री रात 10 बजे सो जाती हैं और रोजाना बिना अलार्म के सुबह 4:30 से 5:30 बजे के बीच खुद ही जाग जाती हैं।

 

With inputs from IANS