
मुंबई- बॉलीवुड गायिका नेहा कक्कड़ के हालिया सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें उन्होंने हर चीज से ब्रेक लेने की बात कही थी, के बाद उनके पति रोहनप्रीत सिंह से तलाक की अफवाहें फैलने लगी थीं। हालांकि अब नेहा ने एक और पोस्ट साझा कर अपनी शादी को लेकर फैली इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
नेहा ने साफ शब्दों में अपील की है कि उनके पति और परिवार को इस मामले में न घसीटा जाए। उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी किसी और सिस्टम और कुछ लोगों से है, न कि अपने परिवार से।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर नेहा ने लिखा, “गाइज प्लीज मेरे इनोसेंट हसबैंड या मेरी स्वीटेस्ट फैमिली को इसमें मत घसीटो। वे सबसे पवित्र लोग हैं जिन्हें मैं जानती हूं और आज मैं जो भी हूं, उनके सपोर्ट की वजह से हूं।”
उन्होंने आगे लिखा, “मैं कुछ और लोगों और सिस्टम से परेशान हूं। उम्मीद है आप यह समझेंगे और मेरे पति व परिवार को इससे दूर रखेंगे। हां, मैं मानती हूं कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करते वक्त मुझे इतना इमोशनल नहीं होना चाहिए, क्योंकि मीडिया वाले बहुत अच्छे से जानते हैं कि ‘राई का पहाड़ कैसे बनाया जाता है।’ सबक मिल गया।”
खुद को बेहद भावुक बताते हुए नेहा ने लिखा, “अब से मैं अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में बात नहीं करूंगी। बेचारी इमोशनल नेहू इस दुनिया के लिए बहुत ज्यादा इमोशनल है। सॉरी और थैंक यू मेरे नेहार्ट्स। चिंता मत करो, मैं बहुत जल्द धमाकेदार वापसी करूंगी। ढेर सारा प्यार।”
इससे पहले नेहा ने एक पोस्ट साझा किया था, जिसे अब डिलीट कर दिया गया है। उस पोस्ट में उन्होंने जिम्मेदारियों, रिश्तों और काम से ब्रेक लेने की बात कही थी। उन्होंने लिखा था, “जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और इस वक्त जो कुछ भी दिमाग में है, उससे ब्रेक लेने का समय आ गया है। नहीं पता वापस आऊंगी या नहीं। धन्यवाद।”
साथ ही ‘लॉलीपॉप’ सिंगर ने पपराज़ी से उन्हें शूट न करने की अपील करते हुए कहा था, “मैं पपराज़ी और फैंस से अनुरोध करती हूं कि मुझे बिल्कुल भी फिल्म न करें। मेरी प्राइवेसी का सम्मान करें और मुझे शांति से जीने दें। प्लीज कोई कैमरा नहीं। यही शांति के लिए आप मुझे सबसे कम दे सकते हैं।”
With inputs from IANS