
मुंबई। अभिनेत्री सुहाना खान एक बार फिर अपनी जबरदस्त फिटनेस रूटीन को लेकर सुर्खियों में हैं। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बेटी सुहाना ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह जिम में पुल-अप्स करती नजर आ रही हैं।
इस वीडियो के जरिए सुहाना ने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और फिटनेस के प्रति अपनी गंभीरता को दर्शाया। क्लिप में देखा जा सकता है कि वह बेहतरीन संतुलन और नियंत्रण के साथ बार पर खुद को ऊपर खींचती हैं, जबकि नीचे उनका ट्रेनर उन्हें नज़दीक से गाइड करता दिखता है। ब्राउन रंग की फिटेड वर्कआउट ड्रेस में सुहाना पूरी तरह फोकस्ड नजर आती हैं और यह चुनौतीपूर्ण एक्सरसाइज बेहद आसानी से पूरी करती हैं। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन लिखा, “Pulling myself up when I’m down।”
सुहाना के इस वीडियो पर उनकी करीबी दोस्त और अभिनेत्री खुशी कपूर भी हैरान रह गईं। उन्होंने कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “Not normal omg,” जिससे साफ है कि वह सुहाना की फिटनेस देखकर दंग रह गईं।
गौरतलब है कि सुहाना खान, शाहरुख खान और इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान की बेटी हैं। उन्होंने विदेश से अभिनय की पढ़ाई पूरी करने के बाद जोया अख्तर की वेब फिल्म द आर्चीज़ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के जरिए उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा और उनके अभिनय को लेकर दर्शकों व समीक्षकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।
अब सुहाना अपने बड़े पर्दे के डेब्यू की तैयारी कर रही हैं। वह फिल्म किंग में पहली बार अपने पिता शाहरुख खान के साथ स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी। सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्मित इस फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। हाल ही में फिल्म के मेकर्स ने शाहरुख और सुहाना के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर एक पावरपैक एवी के जरिए इसकी रिलीज डेट की घोषणा की है।
With inputs from IANS