‘डिवोर्स एल्बम’ बनाने का इरादा नहीं था: एली गोल्डिंगBy Admin Fri, 30 January 2026 07:06 AM

लॉस एंजेलिस — सिंगर-सॉन्गराइटर एली गोल्डिंग ने खुलासा किया है कि उनका कभी भी ‘डिवोर्स एल्बम’ बनाने का इरादा नहीं था।

39 वर्षीय गायिका का आने वाला एल्बम उनके पूर्व पति कैस्पर जॉपलिंग से अलगाव के इर्द-गिर्द घूमता है। उन्होंने बताया कि निजी जीवन में आए बदलावों ने उनके रचनात्मक सफर को किस तरह प्रभावित किया। यह जानकारी ‘फीमेल फर्स्ट यूके’ की रिपोर्ट में सामने आई है।

नायलॉन मैगजीन से बातचीत में एली ने कहा, “इस एल्बम को शुरू करना हमेशा मेरा लक्ष्य था। मुझे नहीं पता था कि यह एक डिवोर्स एल्बम बन जाएगा, लेकिन धीरे-धीरे यह उसी दिशा में बढ़ता गया। जब मैंने अपने पूर्व पति से शादी की थी, तो मुझे लगा था कि यह जिंदगी भर के लिए है। वह एहसास कभी खत्म नहीं होगा और हमेशा मेरे साथ रहेगा। मेरी जिंदगी के उस दौर को स्वीकार करना और उसका सम्मान करना मेरे लिए जरूरी था, इसलिए कुछ गाने ऐसे हैं जो उस समय को दर्शाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “कुछ गाने ऐसे भी थे जो बेहद भावनात्मक और दुख भरे थे। उस समय उन्हें करना जरूरी लगा, लेकिन लंबे समय में वे मेरे लिए उपयोगी नहीं हैं।”

‘फीमेल फर्स्ट यूके’ के अनुसार, एली इस समय अपने नए बॉयफ्रेंड ब्यू मिनियर के साथ बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। उन्होंने बताया कि बदली हुई भावनाओं की झलक उनके आने वाले एल्बम में भी देखने को मिलेगी, जो इस साल के शुरुआती महीनों में रिलीज होने वाला है। ‘लव मी लाइक यू डू’ फेम गायिका, जिनका जॉपलिंग से चार साल का बेटा आर्थर भी है, ने कहा, “यह दिलचस्प है कि सालों में एल्बम की प्रक्रिया बिल्कुल उस समय की मेरी भावनाओं को दर्शाती है। गाने अंधेरे और गुस्से से शुरू होकर, फिर व्यंग्यात्मक, फिर मजेदार बने और आखिरकार एक नई शुरुआत और नए रिश्ते की खुशी तक पहुंचे।”

गोल्डिंग ने बताया कि इस एल्बम के लिए उन्होंने ‘बैक टू बेसिक्स’ अप्रोच अपनाई। उन्होंने कहा, “मैं फिर से मूल चीजों की ओर लौटी—इंस्ट्रूमेंट्स की तरफ। आज एआई म्यूजिक और लैपटॉप पर काम करने का चलन बढ़ रहा है, लेकिन मैं गिटार के पास लौट आई, जहां से मैंने शुरुआत की थी। इससे मेरे अंदर वही मासूम और शुद्ध भावना जागी, जो 15 साल की उम्र में पहला गाना लिखते समय थी।”

एली अपने मानसिक स्वास्थ्य संघर्षों को लेकर भी खुलकर बात करती रही हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी में पिछले सितंबर ‘ऑल थिंग्स गो म्यूजिक फेस्टिवल’ के दौरान मंच पर बेहोश होने के बाद गायिका लोला यंग के परफॉर्मिंग से ब्रेक लेने के फैसले का भी सम्मान किया है।

 

With inputs from IANS