
मुंबई। बॉलीवुड की फैशन आइकन सोनम कपूर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने पति आनंद आहूजा से मजाकिया अंदाज में माफी मांगी है। अभिनेत्री ने स्वीकार किया कि वह हर वक्त सही साबित होने की कोशिश नहीं करतीं।
सोनम ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो रील साझा की, जिसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति कहते सुनाई देते हैं, “तीन तरह की महिलाएं हमेशा सही होती हैं—महिलाएं, पहली संतान बेटियां और पहली संतान पोतियां। अगर कोई महिला इन तीनों में आती है, तो संभल जाइए।”
इस रील के साथ सोनम ने कैप्शन में लिखा, “सॉरी आनंद आहूजा, मैं हर समय सही होने की कोशिश नहीं कर रही हूं।” गौरतलब है कि सोनम बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर की सबसे बड़ी बेटी हैं।
सोनम कपूर ने मई 2018 में बिजनेसमैन आनंद आहूजा के साथ भव्य समारोह में शादी की थी। अगस्त 2022 में इस कपल के घर पहले बच्चे का जन्म हुआ, एक बेटे को उन्होंने वायु नाम दिया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनम आखिरी बार साल 2023 में फिल्म ब्लाइंड में नजर आई थीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2005 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ब्लैक में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर की थी। इसके बाद 2007 में भंसाली की रोमांटिक ड्रामा फिल्म सावरिया से उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में रणबीर कपूर, सलमान खान और रानी मुखर्जी भी नजर आए थे और इसी फिल्म से रणबीर कपूर ने भी बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
सोनम ने इसके बाद आई हेट लव स्टोरीज, रांझणा, भाग मिल्खा भाग, संंजू, प्रेम रतन धन पायो, नीरजा और वीरे दी वेडिंग जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया।
सोनम कपूर अनूजा चौहान के उपन्यास बैटल फॉर बिट्टोरा के फिल्म रूपांतरण में मुख्य भूमिका निभाने वाली थीं, लेकिन यह प्रोजेक्ट कई वर्षों से अटका हुआ है। इस फिल्म को उनकी बहन रिया कपूर प्रोड्यूस कर रही थीं और इसे रोमांस व राजनीति के मिश्रण के रूप में देखा जा रहा था।
With inputs from IANS