मिरांडा केर ने बताया, उनके सभी बच्चों को सिखाया गया वैदिक ध्यानBy Admin Mon, 09 February 2026 11:24 AM

लॉस एंजेलिस। मॉडल मिरांडा केर ने खुलासा किया है कि वह अपने बच्चों के साथ वैदिक राउंडिंग का अभ्यास करती हैं, जिसमें योगासन और श्वास तकनीकों का संयोजन होता है।

केर का अपने पूर्व पति ऑरलैंडो ब्लूम से 15 वर्षीय बेटा फ्लिन है, जबकि वर्तमान पति और स्नैपचैट के सह-संस्थापक इवान स्पीगल से उनके तीन बेटे हार्ट (7 वर्ष), माइल्स (6 वर्ष) और पियरे (2 वर्ष) हैं।

फीमेलफर्स्ट डॉट कॉम के अनुसार, केर ने एलवाईएमए की ‘पावर वूमेन’ सीरीज में बताया, “मेरे हर बच्चे को, सिवाय सबसे छोटे बच्चे के, वैदिक ध्यान सिखाया गया है और सभी का अपना-अपना मंत्र है। मैं 17 साल की उम्र से इसका अभ्यास कर रही हूं और यह मेरे जुड़ाव और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।”

उन्होंने बताया कि बड़े लोग आमतौर पर 20 मिनट तक ध्यान करते हैं, लेकिन बच्चों के लिए समय उनकी उम्र के अनुसार रखा गया है। उन्होंने कहा, “मेरा छह साल का बेटा छह मिनट तक ध्यान करता है, सात साल का सात मिनट तक और इसी तरह।”

केर ने आगे बताया कि नए साल पर उनके बेटे फ्लिन ने उनसे कहा कि वह हर सुबह 6 बजे उनके साथ 20 मिनट तक ध्यान करना चाहता है। उन्होंने कहा, “जिन दिनों वह ध्यान करता है, वह खुद महसूस करता है कि वह ज्यादा शांत और संतुलित महसूस करता है।”

मिरांडा केर ने यह भी बताया कि वह रोज सुबह 5 से 5:30 बजे के बीच उठती हैं और पति इवान स्पीगल से मिलने के बाद से वह ‘अर्ली बर्ड’ बन गई हैं। उन्होंने कहा, “पहले मैं रात में जागने वाली थी, लेकिन अब कई वर्षों के अभ्यास के बाद मेरी दिनचर्या बदल गई है। मुझे याद है कि जब हमने पहली बार शुक्रवार की रात साथ बिताई थी, तो वह 8:30 बजे ही सोने के लिए कह रहे थे, जो मुझे अजीब लगा था, लेकिन अब मुझे यह बहुत पसंद है।”

केर ने बताया कि वह अपने बच्चों की देखभाल को अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या में शामिल करती हैं। वह शाम को घर में हल्का संगीत चलाती हैं और रोशनी कम कर देती हैं, जिससे बच्चों को आराम महसूस हो और वे आसानी से सो सकें।

उन्होंने कहा, “मैं छोटे बच्चे को शाम 5:30 बजे सुला देती हूं क्योंकि उस समय अंधेरा होने लगता है। हम सभी बच्चे और मैं शाम 4:30 बजे ही खाना खा लेते हैं, जो थोड़ा जल्दी होता है। इसके बाद मैं अपने लिए समय निकालती हूं और 15 मिनट तक लेजर थेरेपी की दिनचर्या अपनाती हूं। साथ ही रात में त्वचा की देखभाल के लिए मास्क का इस्तेमाल भी करती हूं।”

 

With inputs from IANS