
मुंबई। बॉलीवुड की फैशन आइकन सोनम कपूर ने अपने बेबी शॉवर के आउटफिट को लेकर उसमें लगाए गए प्यार और मेहनत के लिए आभार जताया है। उन्होंने इसे गहरे भरोसे, समझ और साथ का प्रतीक बताया।
बॉलीवुड स्टार अनिल कपूर की बेटी सोनम ने इंस्टाग्राम पर अपने इस खास आउटफिट की कई तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह सॉफ्ट मुल फैब्रिक से बना कस्टम आउटफिट है। अभिनेत्री ने इस लुक को “बहुत प्यार से तैयार किया गया” बताया।
सोनम ने लिखा, “यह लुक बहुत प्यार से बनाया गया है। शेहला ने मेरे लिए यह सॉफ्ट मुल कस्टम आउटफिट तैयार किया, जिसे हाथ से पेंट और हाथ से कढ़ाई करके बेहद देखभाल और समझ के साथ बनाया गया है।”
अभिनेत्री ने अपनी बहन रिया कपूर को भी दिल से धन्यवाद दिया और कहा कि वह हर समय उनके साथ खड़ी रहीं।
उन्होंने आगे लिखा, “शेहला और मेरी बहन रिया, आप दोनों का मैं शब्दों से परे आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने हमेशा बिना शर्त मेरा साथ दिया।”
सोनम ने बताया कि इस आउटफिट को तैयार करने की प्रक्रिया सिर्फ फैशन तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसमें भावनात्मक सहयोग और साझा अनुभव भी शामिल थे।
उन्होंने कहा, “वाकई इसमें पूरे परिवार और अपनों का साथ होता है और मैं अपने सभी प्रियजनों की हमेशा आभारी रहूंगी। साथ ही अपने करीबियों—नम, मनीषा, एब्स हॉपर—का भी धन्यवाद, जो हमेशा मेरे साथ खड़े रहते हैं।”
नवंबर 2025 में सोनम ने घोषणा की थी कि वह अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाली हैं।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा की थी, जिसमें वह हॉट-पिंक रंग का शुद्ध ऊन से बना सूट पहने नजर आई थीं। इस सूट में ओवरसाइज पैडेड शोल्डर और हल्की कर्व शोल्डर लाइन थी। तस्वीर में अभिनेत्री अपने बेबी बंप को प्यार से थामे नजर आई थीं।
इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मदर।”
सोनम कपूर ने मई 2018 में बिजनेसमैन आनंद आहूजा से भव्य समारोह में शादी की थी। दोनों कई सालों तक रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी के बंधन में बंधे थे। अगस्त 2022 में इस दंपति ने अपने पहले बच्चे, बेटे वायु का स्वागत किया था।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनम आखिरी बार वर्ष 2023 में आई फिल्म ‘ब्लाइंड’ में नजर आई थीं। इस क्राइम थ्रिलर का निर्देशन शोम मखीजा ने किया था। फिल्म में पुरब कोहली, विनय पाठक और लिलेट दुबे भी सहायक भूमिकाओं में थे। ‘ब्लाइंड’ 2011 की इसी नाम की कोरियाई फिल्म का रीमेक है, जिसकी कहानी एक नेत्रहीन पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक सीरियल किलर की तलाश में जुटी रहती है।
With inputs from IANS