
मुंबई। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर अपने नए हेयरकट को लेकर बेहद खुश हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की है।
भूमि ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी नई लुक की कई तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह अपने स्टाइलिश ‘बैंग्स’ हेयरकट को फ्लॉन्ट करती नजर आ रही हैं। उन्होंने तस्वीरों के साथ कैप्शन में लिखा, “मुझे बहुत खुशी है कि मैंने बैंग्स करवाए हैं।”
हाल ही में भूमि ने अपनी क्राइम थ्रिलर फिल्म “भक्षक” के दो साल पूरे होने का जश्न भी मनाया। इस प्रभावशाली फिल्म के सफर को याद करते हुए भूमि ने कहा कि जब “भक्षक” रिलीज हुई थी, तब इसे दुनियाभर में सराहा गया और दर्शकों ने इसे गहराई से महसूस किया। हालांकि दो साल बाद भी इस कहानी की प्रासंगिकता देखकर वह दुखी हैं।
भूमि ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “दो साल पहले ‘भक्षक’ सीमाओं को पार करते हुए दुनिया के हर कोने तक पहुंची थी। लोगों ने इसे सिर्फ देखा ही नहीं, बल्कि महसूस भी किया। उस समय मैं अभिभूत थी, लेकिन आज मेरा दिल टूट जाता है।”
अभिनेत्री ने कहा कि इस फिल्म की कहानी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। उन्होंने लिखा, “सच्चाई यह है कि यह कहानी आज भी बेहद प्रासंगिक है। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ यौन हिंसा समाज की एक कड़वी सच्चाई बनती जा रही है।”
भूमि ने कहा कि हाल के वैश्विक घटनाक्रमों ने यह फिर साबित कर दिया है कि दुनिया अब भी बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जेफ्री एपस्टीन जैसे मामलों पर फिर चर्चा हो रही है।
उन्होंने आगे लिखा, “पिछले कुछ हफ्तों ने हमें याद दिलाया है कि बच्चों के लिए दुनिया कितनी असुरक्षित हो सकती है। किसी भी बच्चे को खतरे के डर के साथ बड़ा नहीं होना चाहिए। यह जिम्मेदारी हमारी है, बच्चों की नहीं।”
भूमि ने कहा कि बच्चों को स्वतंत्रता मिलनी चाहिए—खेलने की, अपनी पसंद के कपड़े पहनने की और समाज से सुरक्षा और अपनापन मिलने की। उन्होंने कहा कि कुछ फिल्में क्रेडिट खत्म होने के साथ खत्म हो जाती हैं, लेकिन कुछ ऐसी होती हैं जो लोगों को सोचने पर मजबूर करती रहती हैं और “भक्षक” उनके लिए ऐसी ही फिल्म है।
“भक्षक” एक संघर्षरत स्थानीय पत्रकार की कहानी है, जो एक बालिका आश्रय गृह में हो रहे अत्याचार के मामलों की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच शुरू करती है।
With inputs from IANS