
मुंबई: अभिनेत्री पलक तिवारी अब अपने करियर में अलग और चुनौतीपूर्ण किरदारों की तलाश में हैं। सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी की जान से बॉलीवुड में कदम रखने वाली पलक का कहना है कि वह अब “आसान एक्टिंग” से आगे बढ़कर ऐसे रोल करना चाहती हैं, जो उन्हें एक कलाकार के तौर पर नई चुनौती दें।
अपनी आने वाली ओटीटी ड्रामा सीरीज लुक्खे को लेकर आईएएनएस से खास बातचीत में पलक ने बताया कि इस कहानी ने उन्हें भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया, जिसकी वजह से उन्होंने तुरंत इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी।
पलक ने कहा, “मुझे लगता है कि अब तक मैं अपनी तरफ से आसान एक्टिंग वाला हिस्सा कर चुकी हूं। अब मैं कुछ अलग करना चाहती हूं।”
उन्होंने आगे बताया कि ऑडिशन के दौरान उन्हें सिर्फ कुछ सीन दिए गए थे और उस समय उन्हें अपने किरदार या कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। इसके बावजूद स्क्रिप्ट पढ़ते समय एक सीन ने उन्हें भावुक कर दिया।
अभिनेत्री ने कहा, “बिना किसी संदर्भ के सिर्फ एक सीन पढ़कर मेरी आंखों में आंसू आ गए थे। एक अभिनेता के तौर पर ऐसा बहुत कम होता है, क्योंकि कई बार हम स्क्रिप्ट से भावनात्मक रूप से जुड़े नहीं होते। लेकिन इस कहानी ने मुझसे सीधे बात की और तभी मैंने तय कर लिया कि मुझे इसका हिस्सा बनना है।”
पलक का मानना है कि जब कलाकार खुद कहानी और भावनाओं से जुड़ जाता है, तो अभिनय करना कहीं ज्यादा सहज हो जाता है। उन्होंने कहा कि यही वजह थी कि वह अपने पुराने काम से बिल्कुल अलग इस गंभीर ड्रामा का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हुईं।
उन्होंने कहा, “ऐसे इंटेंस ड्रामा में काम करना हमेशा से मेरा सपना रहा है और इसका पूरा श्रेय कहानी को जाता है।”
टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी की बेटी पलक ने फिल्म किसी का भाई किसी की जान में सलमान खान के साथ काम किया था। हालांकि फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन पलक की स्क्रीन प्रेजेंस की काफी चर्चा हुई थी।
अब पलक लुक्खे में अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। इस सीरीज में रैपर किंग, शिवांकित परिहार, लक्षवीर सिंह सरन और राशि खन्ना भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह पलक की पहली ओटीटी सीरीज है, जिसका प्रीमियर 8 मई को होगा।
With inputs from IANS