उर्वशी रौतेला बोलीं- अब करियर में पहचान या तारीफ नहीं, काम का मायने रखना ज्यादा जरूरीBy Admin Tue, 12 May 2026 01:22 PM

मुंबई: अभिनेत्री और पूर्व ब्यूटी क्वीन Urvashi Rautela का कहना है कि अब उनके लिए करियर में सिर्फ दिखाई देना या लोगों से तारीफ पाना ही मायने नहीं रखता, बल्कि वह ऐसे काम करना चाहती हैं जिनमें गहराई और भावनात्मक सच्चाई हो।

साल 2013 में Singh Saab the Great से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली उर्वशी ने कहा कि समय के साथ उनकी सोच और काम को लेकर नजरिया काफी बदल गया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में लोकप्रियता और पहचान अहम लगती थी, लेकिन अब वह ऐसे प्रोजेक्ट्स चुनना चाहती हैं जो उन्हें रचनात्मक रूप से चुनौती दें।

IANS से बातचीत में उर्वशी ने कहा, “मेरे करियर के इस दौर में मेरे लिए ‘मीनिंग’ यानी काम का अर्थ और उसकी सच्चाई ज्यादा मायने रखती है, ना कि सिर्फ विजिबिलिटी या वैलिडेशन। लोगों के सामने दिखना आपको पहचान दिला सकता है और तारीफ मानसिक संतोष दे सकती है, लेकिन अगर आपके काम में सच्चाई और भावनात्मक जुड़ाव नहीं है तो ये चीजें लंबे समय तक टिकती नहीं हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि अब वह लंबी पारी खेलने और खुद को लगातार बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही हैं।

उर्वशी ने कहा, “एक कलाकार के तौर पर सराहना मिलना हमेशा अच्छा लगता है, क्योंकि हर कलाकार चाहता है कि लोग उसके काम से जुड़ें। लेकिन अब मैं हर जगह नजर आने से ज्यादा उन प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देना चाहती हूं जो मुझे क्रिएटिव तरीके से आगे बढ़ाएं।”

अभिनेत्री का मानना है कि असली संतुष्टि तब मिलती है जब इंसान सिर्फ लोगों का ध्यान खींचने के बजाय कुछ ऐसा बनाने की कोशिश करे जो दर्शकों के दिल में लंबे समय तक रहे।

वर्कफ्रंट की बात करें तो उर्वशी जल्द ही वेब सीरीज Inspector Avinash के दूसरे सीजन में नजर आएंगी। इस सीरीज में Randeep Hooda मुख्य भूमिका में हैं। 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित यह शो 15 मई से स्ट्रीम होगा।

सीरीज का पहला सीजन 2023 में रिलीज हुआ था और यह यूपी के सुपरकॉप अविनाश मिश्रा की जिंदगी और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित था।

उर्वशी हाल ही में फिल्म Daaku Maharaaj में नजर आई थीं, जिसमें Nandamuri Balakrishna और Bobby Deol भी अहम भूमिकाओं में थे।

 

With inputs from IANS