‘SPECTRA’ सिर्फ रियलिटी शो नहीं, कला और प्रकृति का अनुभव है: शिव्या पठानियाBy Admin Thu, 21 May 2026 05:45 PM

मुंबई: अभिनेत्री Shivya Pathania जल्द ही कला आधारित रियलिटी सीरीज SPECTRA में होस्ट और मुख्य चेहरा बनकर नजर आएंगी। यह शो पारंपरिक विवाद और ड्रामे से भरे रियलिटी शोज से अलग एक नया अनुभव पेश करेगा।

इस सीरीज में सात कलाकार—Aathira Mohan, Athira Dev, Sneha Chakraborty, Riya Malra, Sakshi Khullar, Stanlee और Zake हिमालय की कठिन वादियों के बीच कला रचने की चुनौती स्वीकार करते नजर आएंगे।

Harsh Mainra द्वारा वर्सेटाइल मोशन पिक्चर्स के बैनर तले निर्मित यह शो “No Drama - No Fight, Only Fundamentally Right” की सोच पर आधारित है।

शिव्या ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, “मैंने पहले कभी ‘SPECTRA’ जैसा शो नहीं किया और सच कहूं तो ऐसा कुछ देखा भी नहीं। यहां कोई स्क्रिप्ट नहीं थी, कोई बनावटी ड्रामा नहीं था। हम जंगलों और पहाड़ों के बीच हर पल को जी रहे थे। यह अनुभव बेहद सच्चा और खास था क्योंकि मैं खुद पहाड़ों से आती हूं और वहां की शांति, सुकून और जादू को अच्छी तरह समझती हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि यह शो लोगों के भीतर छिपे उस बच्चे को फिर से जगा सकता है, जिसे कभी रंगों, पेंटिंग और रचनात्मकता से प्यार था। शिव्या के मुताबिक, यह शो उन लोगों के लिए भी है जिन्होंने जिंदगी की भागदौड़ में कहीं अपनी कला और रचनात्मकता को पीछे छोड़ दिया।

उन्होंने कहा, “अगर इस शो को देखकर एक भी व्यक्ति यह सोचने लगे कि प्रकृति हमारे लिए कितनी जरूरी है और कला से जुड़े रहना कितना अहम है, तो यही हमारी सबसे बड़ी जीत होगी। क्योंकि यह शायद ऐसा रियलिटी शो है, जहां कोई विजेता नहीं है… यहां पूरी यात्रा ही असली विजेता है।”

निर्माता हर्ष मैनरा ने कहा कि SPECTRA केवल कला या सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मुख्य संदेश प्रकृति संरक्षण है। उन्होंने कहा, “हमारा संदेश ‘No Forest, No Future’ पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मजबूत अपील है।”

हाल ही में शो के निर्माताओं ने 19 मई को Fairfield by Marriott Mumbai Andheri में ब्लू कार्पेट प्रीमियर और आर्ट एग्जीबिशन का आयोजन किया, जहां हिमालयी यात्रा के दौरान बनाई गई कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया।

 

With inputs from IANS