
लॉस एंजेलिस : अमेरिकी सिंगर और सॉन्गराइटर Olivia Rodrigo ने अपनी बेबीडॉल ड्रेस को लेकर उठे विवाद पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके पहनावे को लेकर हुई आलोचना यह दिखाती है कि समाज में किस तरह पीडोफिलिया जैसी सोच को सामान्य बना दिया गया है।
हाल ही में ओलिविया ने अपने “ड्रॉप डेड” म्यूजिक वीडियो और स्पॉटिफाई के बिलियंस क्लब लाइव कॉन्सर्ट में बेबीडॉल ड्रेस पहनी थी। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इस लुक को “बचपन जैसा” और “अनावश्यक रूप से सेक्शुअलाइज्ड” बताते हुए आलोचना की थी।
न्यूयॉर्क टाइम्स पॉपकास्ट के एक क्लिप में ओलिविया ने कहा कि यह विवाद उन्हें काफी परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा, “लोग मेरे बारे में कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन सबसे परेशान करने वाली बात यह है कि मैं पहले स्टेज पर रिवीलिंग आउटफिट पहन चुकी हूं, जैसे स्पार्कली ब्रा और छोटे शॉर्ट्स। वह मुझे गलत नहीं लगा, क्योंकि उसमें मैं सहज और आत्मविश्वासी महसूस करती थी। लेकिन जब मैंने पूरी तरह ढकी हुई ड्रेस पहनी, जिसे लोगों ने बच्चों जैसी ड्रेस कहा, तब उसे अनुचित बताया गया।”
ओलिविया ने कहा कि लड़कियों को बचपन से ही यह सोच सिखाई जाती है कि वे क्या पहनें और क्या नहीं, क्योंकि पुरुष उनके शरीर को कैसे देखेंगे, इसकी जिम्मेदारी भी उन्हीं पर डाल दी जाती है। उन्होंने इसे बेहद अजीब और गलत सोच बताया।
सिंगर ने साफ किया कि उनका उद्देश्य किसी तरह का सेक्शुअल इमेज बनाना नहीं था। उन्होंने बताया कि यह लुक 90 के दशक की रॉक आइकॉन Kathleen Hanna और Courtney Love से प्रेरित था, जिन्हें वह अपना आदर्श मानती हैं।
उन्होंने कहा, “मुझे उस ड्रेस में बिल्कुल भी ऐसा नहीं लगा कि मैं सेक्सी दिख रही हूं। मुझे लगा कि मैं अपने पसंदीदा रॉक स्टार्स जैसी दिख रही हूं और उसमें मैं सहज और कूल महसूस कर रही थी। अगर हम सिर्फ इस डर से कपड़े पहनने लगें कि कोई गलत मानसिकता वाला व्यक्ति हमें कैसे देखेगा, तो फिर हम असली मुद्दे से भटक रहे हैं।”
ओलिविया ने यह भी कहा कि वह खासकर युवा लड़कियों और महिलाओं को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और नहीं चाहतीं कि उन्हें ऐसी सोच के साथ बड़ा होना पड़े, जहां उनके कपड़ों के लिए उन्हें ही दोषी ठहराया जाए।
With inputs from IANS