पौराणिक किरदार से दर्शकों का जुड़ाव कलाकार की सबसे बड़ी सफलता : संस्कृती जयनाBy Admin Fri, 29 May 2026 05:23 PM

मुंबई। अभिनेत्री संस्कृती जयना ने अपनी पहली फिल्म ‘कृष्णावतारम’ में सत्यभामा का किरदार निभाकर खास पहचान बनाई है। उनका मानना है कि जब दर्शक किसी कलाकार को उसके पौराणिक किरदार से जोड़ने लगते हैं, तो यह उस कलाकार की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण होता है।

आईएएनएस से खास बातचीत के दौरान संस्कृती से पूछा गया कि पौराणिक किरदार निभाने वाले कलाकारों को लोग अक्सर वास्तविक जीवन में भी उसी रूप में देखने लगते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि अगर दर्शक कलाकार और उसके किरदार पर विश्वास करने लगें, तो इसका मतलब है कि कलाकार ने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है।

उन्होंने कहा कि सत्यभामा एक बेहद मानवीय और भावनात्मक किरदार है, जिससे लोग आसानी से जुड़ सकते हैं। वह हर भावना को गहराई से महसूस करती हैं और यही उन्हें खास बनाता है। संस्कृती ने माना कि ऐसे किरदार निभाने के बाद टाइपकास्ट होने का खतरा जरूर रहता है, लेकिन मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर कलाकार उन सीमाओं को तोड़ सकते हैं।

अभिनेत्री ने यह भी बताया कि वह निजी तौर पर सत्यभामा के किरदार से काफी जुड़ाव महसूस करती हैं। उनके अनुसार सत्यभामा बेहद साहसी थीं और अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करने से कभी नहीं डरती थीं। वह हमेशा सच के साथ खड़ी रहीं और यही वजह थी कि उन्हें “सत्यभामा” नाम मिला।

संस्कृती ने कहा कि आज की महिलाएं भी अपने साहस और अपनी आवाज को पहचानने की कोशिश कर रही हैं, इसलिए वे सत्यभामा के सफर से खुद को जोड़ पाएंगी। उन्होंने कहा कि सत्यभामा प्रेम, समर्पण और भावनाओं के हर रंग को गहराई से जीती हैं और भगवान कृष्ण के साथ उनका जीवन खूबसूरती से आगे बढ़ता है।

हार्दिक गज्जर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘कृष्णावतारम’ 7 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
 

With inputs from IANS