




मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह का कहना है कि वह खुद को किसी एक तरह की भूमिकाओं तक सीमित नहीं रखना चाहतीं। उनके लिए हर नई फिल्म सीखने, खुद को बेहतर बनाने और अभिनय के नए आयाम तलाशने का अवसर होती है।
कई वर्षों से फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा रहीं रकुल ने कहा कि अब वह ऐसी फिल्मों का चयन करती हैं, जिनकी कहानी दर्शकों से भावनात्मक रूप से जुड़ सके और जो उन्हें एक कलाकार के तौर पर आगे बढ़ने का मौका दे।
रकुल ने कहा, "मैं नहीं चाहती कि लोग मुझे एक ही तरह के किरदारों में बांध दें। मेरी हर फिल्म मुझे कुछ नया सिखाए और एक अभिनेत्री के रूप में मेरे अलग-अलग पहलुओं को सामने लाए।"

उन्होंने कहा कि समय के साथ उन्हें यह एहसास हुआ है कि दर्शक ईमानदार अभिनय और सच्ची कहानियों से सबसे ज्यादा जुड़ते हैं। इसलिए वह ऐसी फिल्मों का हिस्सा बनना चाहती हैं, जो लंबे समय तक लोगों के दिलों में बनी रहें और उनके अभिनय को भी नई दिशा दें।
अभिनेत्री ने कहा, "अब मुझे समझ आ गया है कि दर्शक सच्चाई से जुड़ते हैं। मैं ऐसी कहानियों में काम करना चाहती हूं, जो लोगों पर असर छोड़ें और मुझे एक कलाकार के रूप में लगातार विकसित होने का अवसर दें।"
स्टारडम को लेकर रकुल ने कहा कि उनके लिए लोकप्रियता से ज्यादा अहम उनका काम है। उन्होंने कहा, "स्टारडम अपनी जगह खूबसूरत है, लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण मेरा काम है। अगर लोग मेरी फिल्मों को पसंद करें और मेरे अभिनय की सराहना करें, तो वही मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।"


सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी रकुल ने अपनी राय रखी। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि करियर की शुरुआत में कलाकार सोशल मीडिया पर आने वाली प्रतिक्रियाओं से प्रभावित हो सकते हैं, लेकिन समय के साथ यह समझना जरूरी है कि हर टिप्पणी को गंभीरता से लेना सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब सोशल मीडिया का प्रभाव आज जितना नहीं था। पिछले पांच-छह वर्षों, खासकर कोरोना महामारी के बाद, लोगों की राय सोशल मीडिया पर ज्यादा मुखर होकर सामने आने लगी है।
रकुल ने कहा, "एक कलाकार के तौर पर आपको सोशल मीडिया के शोर से खुद को अलग रखना सीखना होगा। अपना पूरा ध्यान सिर्फ काम पर लगाइए और बाकी बातों से दूरी बनाए रखिए। अगर आप हर किसी की राय से प्रभावित होने लगेंगे, तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे।"
With inputs from IANS
