




मुंबई: अभिनेत्री चेतना पांडे का कहना है कि उनके लिए अब स्क्रीन पर ज्यादा समय या ग्लैमर से कहीं अधिक महत्वपूर्ण ऐसे किरदार हैं, जो दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ें और एक कलाकार के तौर पर उन्हें नई चुनौतियां दें।
आईएएनएस से खास बातचीत में चेतना ने कहा कि वह खुद को किसी एक शैली तक सीमित नहीं रखना चाहतीं और हर तरह के किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता को लगातार निखारना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, "अपने करियर के इस दौर में मैं खुद को किसी एक जॉनर तक सीमित नहीं रखना चाहती। बेशक, मैं आगे भी हॉरर फिल्में करना चाहूंगी, क्योंकि इस फिल्म ने मुझे महसूस कराया कि यह शैली कितनी प्रभावशाली और भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकती है। लेकिन एक कलाकार के तौर पर मेरा सबसे बड़ा सपना है कि मैं हर बार खुद को और अपने दर्शकों को चौंका सकूं।"

चेतना ने आगे कहा कि उन्हें ऐसे किरदार आकर्षित करते हैं, जो अभिनय के हर स्तर पर उन्हें चुनौती दें।
"मैं ऐसे किरदार निभाना चाहती हूं जो मुझे भावनात्मक, शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौती दें। चाहे वह एक कमर्शियल एंटरटेनर हो, गंभीर ड्रामा, थ्रिलर, बायोपिक या फिर कोई बिल्कुल अलग तरह का रोल—मेरे लिए सबसे अहम वह किरदार है, जो दर्शकों के मन पर असर छोड़ जाए।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए ग्लैमर से ज्यादा कहानी और स्क्रीन टाइम से ज्यादा किरदार का महत्व है।
"मेरे लिए स्क्रीन टाइम से ज्यादा मायने सार्थक भूमिकाएं रखती हैं। ग्लैमर से ज्यादा अच्छी कहानियां मुझे आकर्षित करती हैं। मैं चाहती हूं कि हर नया प्रोजेक्ट मुझे मेरी पिछली उपलब्धियों से आगे ले जाए, क्योंकि मेरा मानना है कि एक अभिनेता इसी तरह आगे बढ़ता है और खुद को बेहतर बनाता है।"
अपनी हालिया फिल्म 'हॉन्टेड 3डी: इकोज़ ऑफ द पास्ट' की सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए चेतना ने कहा कि वह अभी भी इस सफलता को पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मैं अभी भी इस पूरी यात्रा को समझने और महसूस करने की कोशिश कर रही हूं। जब आप किसी फिल्म पर लंबे समय तक मेहनत करते हैं, कई अनिश्चितताओं का सामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि दर्शक उसे स्वीकार करेंगे, तो सफलता मिलने के बाद भी तुरंत यह एहसास नहीं होता कि आखिर क्या हो गया है।"


चेतना ने बताया कि पिछले कुछ दिन जश्न से ज्यादा आभार व्यक्त करने में बीते हैं।
"मैंने अपने परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों से बात की, जिन्होंने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया। उन्हें खुश देखकर मुझे सबसे ज्यादा खुशी मिली।"
उन्होंने कहा कि सफलता अपने साथ जिम्मेदारी भी लेकर आती है।
"मैं इस सफलता से आत्मसंतुष्ट नहीं होना चाहती और न ही सिर्फ आंकड़ों में उलझना चाहती हूं। मैं चाहती हूं कि यह सफलता मुझे और मेहनत करने तथा भविष्य में बेहतर फैसले लेने के लिए प्रेरित करे। मैं दर्शकों, विक्रम सर, आनंद सर, अपनी पूरी टीम और उन सभी लोगों की आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर और मेरे किरदार 'सुनहरी' पर भरोसा किया। यह तो सिर्फ शुरुआत है और आगे का सफर मुझे बेहद उत्साहित कर रहा है।"
