

मुंबई। टीवी अभिनेत्री प्राची सिंह ने मनोरंजन जगत में काम करने के दौरान कलाकारों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव और उससे निपटने के अपने तरीके साझा किए हैं। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में मंजुरी (मुन्नी) का किरदार निभा रहीं प्राची का मानना है कि परिवार से जुड़े रहना, अपनी जड़ों को नहीं भूलना और जमीन से जुड़े रहना मानसिक शांति बनाए रखने की सबसे बड़ी कुंजी है।
आईएएनएस से बातचीत में प्राची ने कहा, "यह पेशा बहुत चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में अपनी मानसिक सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इस इंडस्ट्री में काम करने के लिए काफी धैर्य की जरूरत होती है। मेरा मानना है कि अगर आप अपने परिवार और अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं और उन्हें नहीं भूलते, तो मन शांत रहता है। हमेशा खुद जैसे हैं वैसे ही रहें।"
उन्होंने आगे कहा, "इस इंडस्ट्री में जमीन से जुड़े रहना बहुत जरूरी है। यह थोड़ा मुश्किल जरूर है, लेकिन लोगों को हमेशा विनम्र और संतुलित रहना चाहिए।"
प्राची ने बताया कि भावनात्मक दृश्यों की शूटिंग उनके लिए सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण होती है। उन्होंने कहा, "ऐसे दृश्यों के लिए मैं खुद को उस परिस्थिति में महसूस करने की कोशिश करती हूं। मैं सोचती हूं कि अगर यह घटना मेरे साथ होती तो मैं कैसी प्रतिक्रिया देती। जब आप उस भावना को सच में महसूस करने लगते हैं, तभी उसे पर्दे पर प्रभावशाली ढंग से निभा पाते हैं।"

'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के सेट पर वरिष्ठ कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा, "सेट पर माहौल बहुत मजेदार रहता है। साथ ही इतने अनुभवी कलाकारों के साथ काम करके हर दिन कुछ नया सीखने का मौका मिलता है।"
अपने चयन की कहानी बताते हुए प्राची ने कहा कि उन्हें अचानक ऑडिशन भेजने के लिए कहा गया था। "मुझसे कहा गया कि ऑडिशन तुरंत भेजना है। मुझे किरदार की जानकारी दी गई और मैंने ऑडिशन दे दिया। करीब 10 से 15 दिन बाद फोन आया कि मैं शॉर्टलिस्ट हो गई हूं और फिर इस भूमिका के लिए मेरा चयन हो गया।"
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' में प्राची सिंह मंजुरी उर्फ मुन्नी का किरदार निभा रही हैं। यह शो 29 जुलाई 2025 को स्टार प्लस पर प्रसारित हुआ था और जियोहॉटस्टार पर भी स्ट्रीम हो रहा है। यह लोकप्रिय धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का सीक्वल और रीबूट है, जिसमें स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय एक बार फिर तुलसी और मिहिर विरानी की अपनी प्रतिष्ठित भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
With inputs from IANS