

मुंबई। चॉकलेट डे के मौके पर अभिनेत्री सोमी अली ने अपने बचपन की एक खास याद साझा की। उन्होंने बताया कि जब वह करीब सात साल की थीं, तब उनकी मुलाकात हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना से हुई थी। उस मुलाकात की एक छोटी-सी घटना आज भी उनके दिल में ताजा है।
आईएएनएस से बातचीत में सोमी अली ने कहा, "मेरे पास बचपन की एक बेहद खास याद है। जब मैं लगभग सात साल की थी, तब मेरी मुलाकात महान अभिनेता राजेश खन्ना से हुई थी। वह बेहद स्नेही और विनम्र इंसान थे। उन्होंने मेरे माथे को चूमा और मुझे एक चॉकलेट बार दिया। वह पल आज भी मुझे साफ-साफ याद है। एक छोटी बच्ची के लिए अपने पसंदीदा सुपरस्टार से मिलना और उनसे चॉकलेट पाना किसी जादुई अनुभव से कम नहीं था। वह छोटी-सी याद मेरे साथ हमेशा बनी रही। आज भी जब मैं चॉकलेट खाती हूं, तो बचपन का वह खूबसूरत पल अनायास ही याद आ जाता है।"
राजेश खन्ना को भारतीय सिनेमा के सबसे सफल और प्रभावशाली अभिनेताओं में गिना जाता है। उन्हें हिंदी फिल्म उद्योग का पहला सुपरस्टार माना जाता है। वर्ष 2013 में उन्हें मरणोपरांत भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। 69 वर्ष की आयु में मुंबई स्थित अपने घर पर उनका निधन हो गया था।

सोमी अली ने चॉकलेट के प्रति अपने लगाव के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि चॉकलेट जैसी साधारण चीज भी इंसान को सुकून दे सकती है। जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और कई बार हमें सिर्फ एक छोटे से मीठे पल की जरूरत होती है। चाहे खुशी का मौका हो या मन खराब हो, चॉकलेट कुछ देर के लिए सुकून का एहसास कराती है। यह हमारी समस्याओं का हल नहीं है, लेकिन मुश्किल दिनों में थोड़ी-सी खुशी जरूर दे जाती है।"
उन्होंने आगे बताया कि उन्हें चॉकलेट खाना पसंद है, लेकिन वह संतुलन बनाए रखने में विश्वास करती हैं। सोमी ने कहा, "मैं निश्चित रूप से चॉकलेट पसंद करने वालों में से हूं। हालांकि मैं इसे सीमित मात्रा में खाती हूं, लेकिन शुक्रवार मेरा चीट डे होता है और उस दिन मुझे डार्क चॉकलेट खाना सबसे ज्यादा पसंद है। इसका स्वाद गहरा होता है और यह बहुत ज्यादा मीठी भी नहीं होती। मुझे अत्यधिक दूध वाली या जरूरत से ज्यादा मीठी चॉकलेट पसंद नहीं है। डार्क चॉकलेट मुझे ज्यादा संतुलित और संतोषजनक लगती है।"
With inputs from IANS