'हमारे परिवार की लड़कियों को अभिनेत्री बनने का सपना देखने की भी आज़ादी नहीं थी': शाइनी दोशीBy Admin Thu, 09 July 2026 02:43 PM

मुंबई। टीवी अभिनेत्री शाइनी दोशी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि जिस परिवार से वह आती हैं, वहां लड़कियों के लिए अभिनय की दुनिया में कदम रखने या अभिनेत्री बनने का सपना देखना भी आसान नहीं था। उन्होंने अपनी सफलता का सबसे बड़ा श्रेय अपनी मां को दिया, जिन्होंने हर मुश्किल में उनका साथ निभाया।

आईएएनएस से खास बातचीत में शाइनी ने कहा, "मैं जिस परिवार से हूं, वहां लड़कियों को स्क्रीन पर आने, अभिनय करने या हीरोइन बनने की आज़ादी नहीं थी। उस समय हमें परिवार का इतना समर्थन भी नहीं मिलता था।"

उन्होंने कहा कि अब समय काफी बदल चुका है और मनोरंजन जगत में करियर बनाने को लेकर लोगों की सोच पहले से कहीं ज्यादा सकारात्मक हो गई है।

ADVERTISEMENT
Advertisement

शाइनी ने कहा, "आज परिवार इस क्षेत्र में आने के लिए काफी सहयोग करते हैं। लेकिन जब मैंने शुरुआत की थी, तब मेरे परिवार से केवल मेरी मां ही चट्टान की तरह मेरे साथ खड़ी रहीं। उन्हीं के भरोसे और समर्थन की वजह से मैं आज यहां तक पहुंच पाई हूं। मेरा यह सफर बेहद खूबसूरत रहा है।"

अपने अभिनय करियर पर बात करते हुए शाइनी ने कहा कि हर शो ने उन्हें कुछ नया सिखाया और एक कलाकार के रूप में बेहतर बनाया।

उन्होंने कहा, "मैंने हर शो में अलग-अलग टीमों के साथ काम किया है। हर प्रोजेक्ट से मुझे कुछ नया सीखने को मिला और हर शो के साथ मैंने खुद में एक नया बदलाव महसूस किया। एक कलाकार के लिए लगातार सीखना और आगे बढ़ना बहुत जरूरी है। जिन लोगों के साथ अब तक काम किया है, उनके साथ का अनुभव मेरे लिए बेहद अच्छा रहा है।"

शाइनी दोशी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में टीवी धारावाहिक 'सरस्वतीचंद्र' से की थी। इसके बाद उन्होंने 'जमाई राजा', 'बहू हमारी रजनीकांत', 'लाल इश्क', 'श्रीमद भागवत महापुराण', 'पांड्या स्टोर' और 'बरसातें – मौसम प्यार का' जैसे कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

वह रियलिटी शो 'द 50' का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

 

With inputs from IANS