
जयपुर। राजस्थान की शाही विरासत एक बार फिर फिल्मी सितारों की मौजूदगी से गुलजार होने जा रही है। कन्नड़ अभिनेत्री शर्मिला मंद्रे और फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम 12 जुलाई को जयपुर के ऐतिहासिक समोद पैलेस में विवाह बंधन में बंधेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस समारोह में दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
विवाह समारोह की शुरुआत 11 जुलाई से हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसी पारंपरिक रस्मों के साथ होगी। इन आयोजनों में राजस्थान की शाही संस्कृति और दक्षिण भारतीय परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिलेगा। 12 जुलाई की सुबह दक्षिण भारतीय वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न होगा, जबकि शाम को भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
शादी में दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारों के पहुंचने की संभावना है। फिल्म 'जवान' के निर्देशक एटली के शामिल होने की चर्चा है। इसके अलावा अभिनेता विजय सेतुपति के भी समारोह में आने की अटकलें हैं। सुधन सुंदरम उनकी चर्चित फिल्म 'महाराजा' के निर्माता रह चुके हैं।
सुधन सुंदरम बुधवार को विवाह की तैयारियों का जायजा लेने जयपुर पहुंचे, जहां उनका स्वागत निर्माता पदम शेखावत ने किया। वहीं, शर्मिला मंद्रे गुरुवार को अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंचीं और सीधे समोद पैलेस रवाना हो गईं, जहां शादी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस साल 25 जून को शर्मिला और सुधन ने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सगाई की थी। दोनों परिवारों की सहमति और आशीर्वाद के बाद आयोजित इस पारंपरिक समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए दोनों ने अपने रिश्ते की आधिकारिक घोषणा की थी। पारंपरिक परिधानों में सजे इस जोड़े को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और फिल्म जगत से ढेरों शुभकामनाएं मिली थीं। शर्मिला ने तस्वीरों के साथ "And just like that" लिखकर अपनी खुशी साझा की थी।
सगाई के बाद अभिनेत्री राम्या (दिव्या स्पंदना), श्रुति हरिहरन, राधिका नारायण, सोनू गौड़ा और अमाला पॉल सहित कई फिल्मी हस्तियों ने उन्हें बधाई दी थी।
शर्मिला ने अपने विवाह प्रस्ताव को याद करते हुए कहा था कि यह किसी फिल्मी दृश्य की तरह भव्य नहीं, बल्कि बेहद सादा और दिल से किया गया था। उन्होंने बताया कि सुधन का विनम्र और जमीन से जुड़ा स्वभाव ही उन्हें सबसे ज्यादा पसंद आया। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि वह हमेशा अपने पसंदीदा साथी से शादी करना चाहती थीं और उनकी गहरी दोस्ती ही उनके रिश्ते की सबसे मजबूत नींव है।
राजस्थान की शाही भव्यता, पारंपरिक रस्मों और दक्षिण भारतीय फिल्म जगत की नामचीन हस्तियों की मौजूदगी के कारण यह शादी जयपुर के इस साल के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी आयोजनों में से एक मानी जा रही है।
With inputs from IANS