
मुंबई: टेलीविजन अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा ने हाल ही में आयोजित 'अवेकनिंग्स 2026' म्यूजिक फेस्टिवल में बिताए अपने यादगार पलों की झलक सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने इस अनुभव को अपनी जिंदगी की "सबसे खास यादों" में से एक बताते हुए कहा कि अब शायद कोई दूसरा म्यूजिक फेस्टिवल उन्हें पहले जैसा उत्साह नहीं दे पाएगा।
मंगलवार को क्रिस्टल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें और वीडियो साझा किए। इन तस्वीरों में वह अपने करीबी दोस्तों, जिनमें अभिनेता ऋत्विक धनजानी भी शामिल हैं, के साथ म्यूजिक फेस्टिवल का आनंद लेती नजर आ रही हैं। कुछ वीडियो में वह दोस्तों के साथ संगीत की धुन पर झूमती दिखाई दे रही हैं, जबकि अन्य तस्वीरों में उन्होंने कार्यक्रम की शानदार झलकियां और अपनी एकल तस्वीरें भी साझा की हैं।
पोस्ट के साथ क्रिस्टल ने लिखा कि उन्होंने इस फेस्टिवल का पूरे एक साल इंतजार किया था, लेकिन यह उनकी उम्मीदों से भी कहीं बेहतर साबित हुआ। उन्होंने कहा कि अपने सबसे करीबी दोस्तों के साथ संगीत में खोकर उन्होंने अनगिनत खूबसूरत यादें संजोईं और अब यह अनुभव उनके लिए हमेशा के लिए एक "कोर मेमोरी" बन गया है।
'अवेकनिंग्स' दुनिया के सबसे लोकप्रिय टेक्नो म्यूजिक फेस्टिवलों में से एक माना जाता है। यहां विश्व के प्रसिद्ध टेक्नो कलाकार लंबे लाइव प्रदर्शन देते हैं, जिसके कारण यह दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के लिए एक पसंदीदा आयोजन बन चुका है।
कामकाज की बात करें तो क्रिस्टल डिसूजा हाल ही में आयशा खान के साथ फिल्म 'धुरंधर' के गीत 'शरारत' में नजर आई थीं। उन्होंने बताया कि फिल्म में उनका किरदार शुरुआत में छोटा था, लेकिन बाद में यह उनके करियर का एक अहम पड़ाव बन गया।
क्रिस्टल ने कहा कि रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। उन्होंने बताया कि उन्हें यह नहीं पता था कि गीत में उनका स्क्रीन टाइम कितना होगा, लेकिन इतनी मजबूत स्टारकास्ट वाली फिल्म का हिस्सा बनने का मौका वह किसी भी रूप में गंवाना नहीं चाहती थीं। उनके मुताबिक, जो अवसर शुरुआत में छोटा लग रहा था, वही आगे चलकर उनके करियर की बड़ी उपलब्धि बन गया।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी एक्शन थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
With inputs from IANS