‘राम कपूर पर क्रश’ की अफवाहों पर बोलीं माधुरी ग्रोवर, कहा- हमारे बीच था एक खास रिश्ताBy Admin Wed, 15 July 2026 04:42 PM

मुंबई: रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ की प्रतियोगी और अभिनेत्री माधुरी ग्रोवर ने अभिनेता राम कपूर को पसंद करने की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा है कि उनके बीच केवल एक खास दोस्ती और गहरा संवाद था।

आईएएनएस से बातचीत में माधुरी ने कहा कि शो के दौरान राम कपूर उनके सबसे भरोसेमंद साथी थे, जिनसे वह अभिनय जगत, जीवन और कई अन्य विषयों पर लंबे समय तक चर्चा करती थीं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह वास्तव में राम कपूर को पसंद करने लगी थीं, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं। यह बात सुनकर मुझे भी बहुत हंसी आई। राम जी ने भी इसे हंसी में टालते हुए कहा था, ‘आप क्या बात कर रहे हैं?’”

राम कपूर के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताते हुए माधुरी ने कहा कि शो में उनकी और राम कपूर की बैरक आमने-सामने थीं, जिससे दोनों के बीच अक्सर लंबी बातचीत होती थी।

उन्होंने कहा, “राम जी के साथ मेरा बहुत खास रिश्ता था। घर में मैं सवालों की मशीन बन गई थी। मैं उनसे मनोरंजन जगत, जिंदगी और हर तरह की बातें पूछती रहती थी। वह मेरे हर सवाल का बहुत धैर्य से जवाब देते थे। यहां तक कि मैंने उनसे उनके पहले किस के बारे में भी पूछा था।”

माधुरी ने बताया कि दर्शकों ने उनकी बातचीत का केवल पांच-दस मिनट का हिस्सा देखा, जबकि दोनों के बीच करीब ढाई घंटे तक लगातार चर्चा होती थी।

उन्होंने कहा, “जब तक उन्हें लगता था कि मेरी जिज्ञासा पूरी तरह शांत नहीं हुई है, तब तक वह धैर्यपूर्वक मेरे हर सवाल का जवाब देते रहते थे। बस, राम जी और मेरे बीच ऐसा ही रिश्ता था।”

माधुरी ग्रोवर हाल ही में ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ के दूसरे सीजन से बाहर होने वाली नवीनतम प्रतियोगी बनी हैं।

नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रहे इस शो में आकांक्षा चौधरी, योगेश रावत, सुनीता आहूजा, राम कपूर, श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी, हर्षद चोपड़ा, सूफी मोतीवाला, धीरज धूपर, रियाज अली और वरुण यादव उर्फ लैला जैसे प्रतियोगी शामिल हैं। शो की मेजबानी फराह खान और रितेश देशमुख कर रहे हैं।

‘लॉक अप’ का पहला सीजन वर्ष 2022 में कंगना रनौत ने होस्ट किया था, जबकि करण कुंद्रा पूरे सीजन में जेलर की भूमिका में नजर आए थे। उस सीजन के विजेता मुनव्वर फारूकी बने थे।

दूसरे सीजन में 14 कैदी, दो जेलर और छह सप्ताह तक चलने वाला एक लॉक-अप है। शो के नियमों के अनुसार प्रतियोगियों को भोजन, आवश्यक सामान और अन्य सुविधाएं पाने के लिए विभिन्न कार्य पूरे कर इन-गेम मुद्रा अर्जित करनी होती है।

 

With inputs from IANS