विंबलडन में टॉम हिडल्स्टन संग मुलाकात पर उर्वशी रौतेला बोलीं- सिनेमा और लोकी के किरदार पर हुई दिलचस्प बातचीतBy Admin Sat, 18 July 2026 02:20 PM

मुंबई। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने विंबलडन 2026 पुरुष एकल फाइनल के दौरान हॉलीवुड अभिनेता टॉम हिडल्स्टन से हुई मुलाकात को यादगार अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक विंबलडन स्ट्रॉबेरी और क्रीम का आनंद लेते हुए दोनों के बीच सिनेमा, अभिनय और टॉम के लोकप्रिय किरदार 'लोकी' पर लंबी बातचीत हुई।

उर्वशी ने कहा, "विंबलडन 2026 पुरुष फाइनल में शामिल होना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। जैनिक सिनर और अलेक्जेंडर ज्वेरेव को सर्वोच्च स्तर पर खेलते देखना बेहद प्रेरणादायक था।"

उन्होंने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा, "उनका जुनून, अनुशासन और खेल भावना यह याद दिलाते हैं कि विंबलडन आज भी टेनिस का सबसे प्रतिष्ठित मंच क्यों माना जाता है। जैनिक सिनर को शानदार जीत के लिए और अलेक्जेंडर ज्वेरेव को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई।"

उर्वशी ने बताया कि टॉम हिडल्स्टन से मुलाकात ने इस दिन को और भी खास बना दिया।

उन्होंने कहा, "हमने पारंपरिक विंबलडन स्ट्रॉबेरी और क्रीम का आनंद लेते हुए सिनेमा पर शानदार बातचीत की। मैं हमेशा से उनके काम की प्रशंसक रही हूं, खासकर 'लोकी' के किरदार में उनका अभिनय मुझे बेहद पसंद है। उनके मुंह से इस किरदार के विकास, अभिनय प्रक्रिया और हर भूमिका के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के बारे में सुनना बेहद दिलचस्प था।"

अभिनेत्री ने बताया कि बातचीत के दौरान मार्वल फिल्मों के अलावा टॉम के अन्य चर्चित प्रोजेक्ट्स पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने कहा, "हमने 'द नाइट मैनेजर', 'क्रिमसन पीक' और उनके रंगमंच के शानदार प्रदर्शनों पर भी बात की। उनकी विनम्रता, बुद्धिमत्ता और कहानी कहने के प्रति उनका जुनून मुझ पर गहरी छाप छोड़ गया।"

उर्वशी ने कहा कि यह लंदन की एक खूबसूरत दोपहर थी, जहां खेल, सिनेमा और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। उनके अनुसार, "विंबलडन वास्तव में एक कालजयी अनुभव है और यह दिन मैं हमेशा याद रखूंगी।"

उर्वशी रौतेला की हालिया फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' है, जिसका निर्देशन अहमद खान ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, रवीना टंडन, लारा दत्ता, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी और जैकी श्रॉफ जैसे कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह 'वेलकम' फिल्म श्रृंखला की तीसरी कड़ी है।

टॉम हिडल्स्टन ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत जोआना हॉग की फिल्मों 'अनरिलेटेड' और 'आर्किपेलागो' से की थी। उन्हें वैश्विक पहचान वर्ष 2011 में मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म 'थॉर' में 'लोकी' के किरदार से मिली, जिसे उन्होंने बाद की कई फिल्मों और 'लोकी' वेब सीरीज में भी निभाया।

 

With inputs from IANS