
अभिनेत्री नुसरत भरूचा को फिल्म 'छोरी 2' में दमदार अभिनय के लिए नेक्सा इंडियन स्ट्रीमिंग अकादमी अवॉर्ड्स (ISAA) 2026 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (महिला) का पुरस्कार मिला। इस सम्मान को उन्होंने बेहद खास बताते हुए कहा कि ऐसी पहचान कलाकार को और बेहतर काम करने की प्रेरणा देती है।
आईएएनएस से विशेष बातचीत में नुसरत ने अपना यह पुरस्कार उन सभी "छोरियों" को समर्पित किया, जो अपने दम पर जीवन में आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश करती हैं।
पुरस्कार मिलने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए बहुत खास है। जब आप पूरे दिल से किसी फिल्म पर काम करते हैं और वह फिल्म भी एक मजबूत संदेश देती है, तब आलोचकों से इस तरह का सम्मान मिलना आपको आगे बढ़ने का हौसला देता है। मैं यह पुरस्कार उन सभी छोरियों को समर्पित करना चाहती हूं, जिन्होंने हमेशा अपने लिए कुछ अलग करने की कोशिश की है।"
'छोरी 2' में नुसरत भरूचा ने एक बार फिर साक्षी का किरदार निभाया। फिल्म में उनकी सात वर्षीय बेटी को एक खतरनाक पंथ और उसकी रहस्यमयी दासी से बचाने के संघर्ष को दिखाया गया है। अभिनेत्री सोहा अली खान ने फिल्म में दासी का किरदार निभाया, जो बच्ची को बलि के लिए अगवा करना चाहती है।
विशाल फुरिया के निर्देशन में बनी 'छोरी 2', वर्ष 2021 में रिलीज हुई 'छोरी' का सीक्वल है। इस हॉरर थ्रिलर में नुसरत भरूचा के साथ सोहा अली खान, गश्मीर महाजनी और सौरभ गोयल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए। फिल्म का प्रीमियर 11 अप्रैल 2025 को अमेजन प्राइम वीडियो पर हुआ था।
हाल ही में आयोजित नेक्सा इंडियन स्ट्रीमिंग अकादमी अवॉर्ड्स (ISAA) 2026 के तीसरे संस्करण में भारत के तेजी से बढ़ते ओटीटी उद्योग के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया। इस समारोह में वेब सीरीज और ओरिजिनल फिल्मों में बेहतरीन अभिनय, दमदार कहानियों और रचनात्मक उत्कृष्टता को सराहा गया।
इस भव्य समारोह में मनोज बाजपेयी, शेफाली शाह, सोहा अली खान, नुसरत भरूचा, बोमन ईरानी, सान्या मल्होत्रा, जयदीप अहलावत, रसिका दुगल समेत मनोरंजन जगत की कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया।
मनोज बाजपेयी को 'द फैमिली मैन' सीजन 3 के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (सीरीज-पुरुष) का पुरस्कार मिला, जबकि शबाना आजमी को 'डब्बा कार्टेल' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (सीरीज-महिला) चुना गया। वहीं, सीरीज श्रेणी में क्रिटिक्स अवॉर्ड शेफाली शाह को 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' और जयदीप अहलावत को 'पाताल लोक सीजन 2' में उनके शानदार अभिनय के लिए प्रदान किया गया।
With inputs from IANS