
मुंबई: टीवी धारावाहिक 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में अभिरा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री समृद्धि शुक्ला का मानना है कि घर और बच्चों की जिम्मेदारियां केवल महिलाओं पर नहीं होनी चाहिए, बल्कि पति-पत्नी दोनों को समान रूप से इन्हें निभाना चाहिए।
आईएएनएस से बातचीत में समृद्धि ने कहा कि आज भी कई महिलाओं से यह उम्मीद की जाती है कि वे बच्चों की देखभाल करें, नौकरी करें और घर की पूरी व्यवस्था भी संभालें। उन्होंने कहा कि भले ही खाना कोई और बना रहा हो, लेकिन पूरे घर का प्रबंधन, रसोइए से तालमेल और हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी का बोझ अक्सर महिलाओं पर ही डाल दिया जाता है।
अभिनेत्री ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि शादी के बाद दोनों साथी मिलकर जीवन बनाते हैं, एक ही घर में रहते हैं और बच्चों की जिम्मेदारी भी दोनों की होती है। ऐसे में किसी एक व्यक्ति पर अधिक बोझ डालना सही नहीं है। उनके अनुसार, परिस्थितियों के अनुसार पति-पत्नी की भूमिकाएं बदलनी चाहिए।
समृद्धि ने कहा कि यदि किसी महिला ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है और वह काम पर नहीं जा सकती, तो पति बाहर की जिम्मेदारियां संभाल सकता है। वहीं जब महिला अपने करियर या सपनों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हो, तब पति घर और बच्चों की जिम्मेदारी संभाल सकता है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के सपनों को पूरा करने के लिए सहयोग करना ही स्वस्थ पारिवारिक जीवन की पहचान है।
अपने किरदार 'अभिरा' का जिक्र करते हुए समृद्धि ने कहा कि वह एक साथ कई जिम्मेदारियां निभाने की कोशिश करती है, जो बिल्कुल आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि अभिरा पर लगातार दबाव रहता है और यही स्थिति वास्तविक जीवन में भी कई महिलाओं की होती है। उन्हें घर और काम, दोनों जगह खुद को साबित करने का दबाव झेलना पड़ता है, और यह भावनात्मक बोझ वास्तव में बहुत बड़ा होता है।
With inputs from IANS