नीदरलैंड की वादियों में छुट्टियां मना रहीं क्रिस्टल डिसूजा, बोलीं- ‘पोज़ और सुकून के बीच कहीं’By Admin Mon, 27 July 2026 12:53 PM

मुंबई: अभिनेत्री क्रिस्टल डिसूजा इन दिनों नीदरलैंड में छुट्टियों का आनंद ले रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी यात्रा की कई खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें प्राकृतिक नजारों के साथ उनके यादगार पल भी नजर आ रहे हैं।

क्रिस्टल ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरों की एक श्रृंखला साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, "Caught between posing and pausing" यानी "पोज़ देने और सुकून के पल जीने के बीच कहीं।"

तस्वीरों में अभिनेत्री नीदरलैंड के कास्ट्रिकम (Castricum) की खूबसूरत वादियों का आनंद लेती दिखाई दे रही हैं। व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर वह यहां आरामदायक छुट्टियां बिता रही हैं। स्टाइलिश को-ऑर्ड सेट, आकर्षक सनग्लासेस, सफेद पर्स और ईयररिंग्स के साथ उनका फैशन सेंस भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।

एक तस्वीर में क्रिस्टल अपनी गर्ल गैंग के साथ पोज़ देती नजर आ रही हैं, जबकि अन्य तस्वीरों में कास्ट्रिकम की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता दिखाई दे रही है।

कुछ दिन पहले भी उन्होंने नीदरलैंड के ओडेग्राख्ट (Oudegracht) से नीले रंग की ड्रेस में अपनी तस्वीरें साझा की थीं। उस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, "If lost, you can find me wherever the vibes are waterfront," यानी "अगर मैं कहीं खो जाऊं, तो मुझे पानी के किनारे वाले खूबसूरत माहौल में ढूंढ लेना।"

इससे पहले 14 जुलाई को क्रिस्टल ने Awakenings 2026 म्यूजिक फेस्टिवल की झलकियां भी साझा की थीं। उन्होंने इस अनुभव को अपनी जिंदगी की "कोर मेमोरी" बताते हुए कहा था कि यह उनकी उम्मीदों से कहीं बेहतर रहा और करीबी दोस्तों के साथ बिताए गए इन पलों ने इसे और भी खास बना दिया। उनके अनुसार, संगीत, मस्ती और यादों से भरे इस आयोजन ने भविष्य के म्यूजिक फेस्टिवल्स के लिए एक नया मानक तय कर दिया है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो क्रिस्टल डिसूजा हाल ही में फिल्म 'धुरंधर' के गीत 'शरारत' में अभिनेत्री आयशा खान के साथ नजर आई थीं। उन्होंने बताया कि फिल्म में जो भूमिका शुरुआत में छोटी लग रही थी, वही आगे चलकर उनके करियर का अहम पड़ाव बन गई।

क्रिस्टल ने कहा, "मेरे लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा है। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करना ही बहुत बड़ी बात है। मुझे यह नहीं पता था कि गाने में मुझे कितना स्क्रीन टाइम मिलेगा, लेकिन इतनी शानदार स्टारकास्ट वाली फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मैं किसी भी रूप में गंवाना नहीं चाहती थी। मुझे खुशी है कि जो शुरुआत में एक छोटा-सा अवसर था, वह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि बन गया।"

 

With inputs from IANS