

मुंबई। 'बिग बॉस 19' की पूर्व प्रतियोगी नेहल चूडासमा ने 'लॉक अप 2' में आकांक्षा चमोला का समर्थन करने पहुंचकर उन्हें खुलकर सलाह दी। नेहल का कहना था कि आकांक्षा ने गौरव खन्ना की बातों को सही तरीके से नहीं समझा और इसी वजह से वह खेल में जरूरत से ज्यादा शांत और दबी हुई नजर आईं।
नेहल ने आकांक्षा से कहा, "मुझे पता है कि गौरव अच्छे इरादे से आए थे, लेकिन मुझे लगता है कि तुमने उनकी बातों का गलत मतलब निकाल लिया। तुम पूरी तरह से डरकर रहने लगी हो। लोगों ने तुम्हें गलत समझा है और मैं इस एहसास को अच्छी तरह समझती हूं, क्योंकि हम दोनों ही लंबे समय तक गलत समझे गए हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि दर्शक आकांक्षा के राज की वजह से शो देख रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह अपनी असली पहचान छोड़कर सिर्फ दूसरों को खुश करने की कोशिश करें।
नेहल ने कहा, "इसका मतलब यह नहीं कि तुम बस चुपचाप बैठी रहो या किसी और की तरह व्यवहार करो। ऐसा लगता है जैसे तुम यहां सिर्फ लोगों को खुश करने आई हो। बहुत से लोग तुम्हारे सीक्रेट की वजह से यह शो देख रहे हैं।"
नेहल ने आकांक्षा से यह सवाल भी किया कि जब उनकी निजी पहचान से जुड़ी एक संवेदनशील बात उनकी अनुमति के बिना सार्वजनिक कर दी गई, तब उन्होंने मजबूती से अपना पक्ष क्यों नहीं रखा।
उन्होंने कहा, "सिर्फ तुम्हारे तलाक की बात नहीं, बल्कि तुम्हारी सेक्शुअलिटी जैसी संवेदनशील बात भी किसी और ने सबके सामने बता दी। इसके बाद भी तुमने सिर्फ इतना कहा कि 'मैं तुमसे बात नहीं करूंगी।' ऐसा क्यों? तुम्हें उसका जवाब देना चाहिए था।"
गौरतलब है कि जुलाई के पहले सप्ताह में आकांक्षा चमोला ने शो में खुलासा किया था कि शादी से पहले वह खुद को बाइसेक्शुअल मानती थीं। उन्होंने बताया था कि उनके कुछ महिलाओं के साथ रिश्ते रहे थे, हालांकि वे बेहद अंतरंग नहीं थे। आकांक्षा ने यह भी कहा था कि महिलाओं के बीच उन्हें हमेशा सुरक्षा और अपनापन महसूस होता है।
शो के लॉन्च के दौरान आकांक्षा ने यह भी बताया था कि वह और अभिनेता गौरव खन्ना लगभग एक साल से अलग रह रहे हैं और अब दोनों तलाक की प्रक्रिया की ओर बढ़ रहे हैं।
With inputs from IANS
