साई पल्लवी की बड़ी प्रशंसक हैं निहारिका एनएम, बताया क्यों हैं उनकी सबसे बड़ी प्रेरणाBy Admin Fri, 31 July 2026 04:28 PM

मुंबई: अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर निहारिका एनएम ने दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री साई पल्लवी के प्रति अपनी गहरी प्रशंसा जाहिर करते हुए बताया कि वह उन्हें अपनी सबसे बड़ी प्रेरणाओं में से एक मानती हैं।

आईएएनएस से खास बातचीत में निहारिका ने कहा कि साई पल्लवी की सादगी, स्वाभाविक खूबसूरती, बेहतरीन अभिनय और गरिमामयी व्यक्तित्व उन्हें सबसे अलग बनाता है। उन्होंने यह भी बताया कि वह दिग्गज अभिनेत्रियों तब्बू और श्रीदेवी की भी बहुत बड़ी प्रशंसक हैं। निहारिका ने तब्बू को सदाबहार कलाकार बताते हुए उनके अभिनय और डांस की जमकर तारीफ की।

ADVERTISEMENT
Advertisement

अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' के बारे में बात करते हुए निहारिका ने कहा कि इस फिल्म की कहानी ने उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित किया।

उन्होंने कहा, "मुझे इसकी स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई। यह बेहद मजेदार लगी और पूरी टीम भी नई ऊर्जा से भरी हुई थी। आजकल अच्छी कॉमेडी फिल्में कम देखने को मिलती हैं। जब मैंने यह कहानी एक दर्शक के तौर पर पढ़ी, तो लगा कि यह ऐसी फिल्म है जिसे मैं खुद देखना चाहूंगी। इसलिए मैंने इसका हिस्सा बनने का फैसला किया।"

फिल्म में राघव जुयाल के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए निहारिका ने कहा, "राघव के साथ काम करना ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन, दोनों ही जगह बेहद मजेदार रहा। उनकी ऊर्जा कमाल की है। शूटिंग के दौरान उनकी रफ्तार और उत्साह के साथ तालमेल बैठाना आसान नहीं होता, लेकिन यही आपको बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।"

विवेक बी. अग्रवाल के निर्देशन में बनी 'भाई तेरा स्टार है' में संजय कपूर, बरखा सिंह, चंदन रॉय सान्याल, विवान भटेना, निकी अनेजा वालिया और विकल्प मेहता समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। यह फिल्म 30 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।

 

With inputs from IANS