

मुंबई: अभिनेत्री गौहर खान ने अपने पति जैद दरबार का बचाव करते हुए अभिनेता अरसलान गोनी पर तीखा निशाना साधा है। रियलिटी शो 'अलायंस' के आगामी एपिसोड की एक क्लिप सामने आने के बाद गौहर ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो जैद को उनकी पीठ पीछे नहीं, बल्कि सामने आकर गाली दें।
गौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फैन क्लब की शेयर की गई रील पोस्ट की, जिसमें शो के प्रतियोगी एली गोनी, अरसलान गोनी और डेजी एक साथ बैठे बातचीत करते नजर आते हैं। इसी दौरान अरसलान, जैद दरबार के बारे में अपशब्द कहते हुए उन्हें "पागल" बताते दिखाई देते हैं।
इस क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए गौहर ने लिखा, "किसी की पीठ पीछे उसके लिए ऐसे शब्द कहना शर्मनाक है। हिम्मत है तो जैद के सामने आकर गाली दो। जब उसे 'Ace' बनाने के लिए वोट दिया था, तब तो गाली नहीं दी थी, अरसलान। इससे आपकी सोच दिखाई देती है।"

गौहर खान और जैद दरबार ने साल 2020 में शादी की थी। दोनों दो बेटों के माता-पिता हैं। उनके बड़े बेटे ज़ेहान का जन्म 2023 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे फरवान का जन्म 2025 में हुआ।
जैद दरबार इन दिनों रियलिटी शो 'अलायंस' में एली गोनी, अरसलान गोनी और डेजी के साथ प्रतियोगी के रूप में नजर आ रहे हैं। 26 जून से शुरू हुए इस शो को अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं। यह लोकप्रिय डच फॉर्मेट का पहला अंतरराष्ट्रीय हिंदी रूपांतरण है, जिसमें 16 प्रतियोगी गठबंधन बनाकर खेल शुरू करते हैं, लेकिन आगे बढ़ने के लिए उन्हें बदलते समीकरणों, रणनीति और धोखे का सामना करना पड़ता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो गौहर खान ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। वह 2013 में 'बिग बॉस 7' की विजेता रहीं। अभिनय की दुनिया में उन्होंने 2009 में फिल्म 'रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर' से कदम रखा। इसके बाद वह 'गेम', 'इश्कजादे', 'फीवर', 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' और 'बेगम जान' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।
With inputs from IANS