फ्रेंडशिप डे पर जेनिफर विंगेट ने साझा कीं हल्दी समारोह की अनदेखी तस्वीरें, दोस्तों के लिए लिखा भावुक संदेशBy Admin Sun, 02 August 2026 08:47 PM

मुंबई: फ्रेंडशिप डे के खास मौके पर अभिनेत्री जेनिफर विंगेट ने अपने हल्दी समारोह की कुछ अनदेखी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर अपने करीबी दोस्तों के प्रति प्यार और आभार व्यक्त किया।

जेनिफर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके हल्दी समारोह की कई खूबसूरत और यादगार झलकियां शामिल हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक भावुक नोट भी लिखा, जिसमें अपने दोस्तों को जिंदगी का सबसे बड़ा उपहार बताया।

उन्होंने लिखा, "मेरी हल्दी सिर्फ एक रस्म नहीं थी, बल्कि प्यार से भरा एक खूबसूरत पल था। जब भी मैं इन तस्वीरों को देखती हूं, हर बार कोई नई मुस्कान, कोई गले लगाना या फिर किसी का हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखना नजर आता है। लोग कहते हैं कि वे अच्छे दोस्तों के लिए खुद को खुशकिस्मत मानते हैं, लेकिन मैं सबसे ज्यादा भाग्यशाली हूं। शायद मैंने जिंदगी में कुछ अच्छा किया होगा, तभी मुझे आप सभी जैसे दोस्त मिले।"

ADVERTISEMENT
Advertisement

अभिनेत्री ने हाल ही में व्यवसायी विलियम इश्माएल से शादी की है। बताया जाता है कि दोनों ने अपने रिश्ते को कई महीनों तक निजी रखा और बाद में इसे सार्वजनिक किया।

अपने संदेश में जेनिफर ने आगे लिखा, "इस दिन को खास बनाने, मुझे दिल से प्यार करने, मुझे इतना हंसाने कि गाल दुखने लगें और यह एहसास दिलाने के लिए कि जिंदगी की सबसे बड़ी दौलत वे लोग हैं जो हर परिस्थिति में आपके साथ खड़े रहते हैं—आप सभी का दिल से शुक्रिया। फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं मेरे सबसे प्यारे दोस्तों। आप हमेशा मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी नेमत रहेंगे।"

गौरतलब है कि जेनिफर विंगेट की पहले अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से शादी हुई थी। दोनों ने 9 अप्रैल 2012 को विवाह किया था, लेकिन वर्ष 2014 में आपसी मतभेदों के चलते उनका तलाक हो गया। बाद में करण ने 2016 में अभिनेत्री बिपाशा बसु से शादी कर ली। वहीं, जेनिफर ने लंबे समय तक अपनी निजी जिंदगी को मीडिया की सुर्खियों से दूर रखते हुए अपने अभिनय करियर पर पूरा ध्यान केंद्रित किया।

 

With inputs from IANS