'They Chose Wrong Enemy' में दिखेगा स्मृति खन्ना का दमदार एक्शन अवतार, पहली बार की तलवारबाजीBy Admin Tue, 04 August 2026 04:07 PM









मुंबई: टेलीविजन अभिनेत्री स्मृति खन्ना जल्द ही माइक्रो-ड्रामा सीरीज़ 'They Chose Wrong Enemy' में एक बिल्कुल अलग अंदाज़ में नजर आएंगी। इस सीरीज़ के जरिए वह पहली बार तलवारबाजी करती दिखाई देंगी, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं।

आईएएनएस से बातचीत में स्मृति ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की सबसे बड़ी वजह इसमें मौजूद आधुनिक कहानी और एक्शन सीक्वेंस थे। उन्होंने कहा कि सीरीज़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तत्व और एडवांस कॉम्बैट तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसकी कहानी समय से आगे की लगती है। यह एक बेहद सफल चीनी ड्रामा का रूपांतरण भी है, जिसकी वजह से इसकी कहानी तेज़ रफ्तार और रोमांचक है।

स्मृति ने कहा, "सबसे ज्यादा उत्साह मुझे पहली बार फाइट मास्टर की देखरेख में तलवारबाजी सीखने और उसे स्क्रीन पर करने का था। यही चुनौती मुझे इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करती है। मुझे विश्वास है कि दर्शकों को यह सीरीज़ काफी पसंद आएगी।"

सीरीज़ में स्मृति 'ब्रह्मशिला' नामक प्रतिष्ठित गुरुकुल की एक बहादुर और कुशल योद्धा की भूमिका निभा रही हैं, जहां श्रेष्ठ योद्धाओं को प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने बताया कि उनका किरदार साहसी, अनुशासित और आत्मविश्वास से भरपूर है। वहीं उनका लुक भी पारंपरिक योद्धा की आधुनिक व्याख्या है, जिसमें दमदार और स्टाइलिश कॉस्ट्यूम उन्हें एक प्रभावशाली रूप देता है।

अभिनेत्री ने बताया कि तलवारबाजी वाले दृश्य उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण रहे क्योंकि उन्होंने पहले कभी तलवार नहीं चलाई थी और इस्तेमाल की गई तलवार काफी भारी थी। उन्होंने कहा कि फाइट मास्टर ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया, जिससे उन्हें सही बॉडी पोस्टर, मूवमेंट और कॉम्बैट तकनीक सीखने में मदद मिली। अलग-अलग कैमरा एंगल से एक ही सीन को कई बार शूट करना शारीरिक रूप से कठिन था, लेकिन यह उनके लिए शानदार सीख साबित हुआ।

माइक्रो-ड्रामा की बढ़ती लोकप्रियता पर स्मृति ने कहा कि आज के दौर में लोगों के पास कम समय होता है, इसलिए दो-दो मिनट के एपिसोड वाली कहानियां उनकी जीवनशैली के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि सीमित एपिसोड वाली सीरीज़ दर्शकों को बिना लंबे समय की प्रतिबद्धता के पूरी कहानी देखने का मौका देती हैं।

स्मृति के अनुसार, माइक्रो-ड्रामा में कलाकारों के पास भावनाओं को स्थापित करने के लिए बहुत कम समय होता है। इसलिए हर संवाद और हर भाव का असर तुरंत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रारूप में स्वाभाविक और ईमानदार अभिनय ही दर्शकों से जुड़ने की सबसे बड़ी कुंजी है।

स्मृति खन्ना इससे पहले 'तेरे इश्क में घायल', 'घर की लक्ष्मी बेटियां' और 'गणेश लीला' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में नजर आ चुकी हैं। उनकी नई माइक्रो-ड्रामा सीरीज़ 'They Chose Wrong Enemy', जिसे गामा प्रोडक्शंस ने बनाया है, जल्द ही Kuku TV पर प्रसारित होगी।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement