
स्ट्रीमिंग रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ की विजेता श्रेया कलरा ने खुलासा किया है कि फिनाले से पहले उन्हें पूरा यकीन हो गया था कि वह शो नहीं जीतेंगी। यहां तक कि शिवांगी जोशी के विजेता बनने की खबरें इतनी तेजी से फैल रही थीं कि श्रेया ने भी इसे सच मान लिया था।
श्रेया ने बताया कि उन्हें लगातार ऐसी अफवाहें सुनने को मिल रही थीं कि शिवांगी जोशी ‘लॉक अप 2’ की ट्रॉफी अपने नाम करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि गूगल पर सर्च करने पर भी शिवांगी को विजेता बताया जा रहा था। ऐसे में जब आखिरकार उन्हें पता चला कि जीत उनकी हुई है, तो वह पूरी तरह हैरान रह गईं।
मीडिया से बातचीत में श्रेया ने कहा, “मुझे नहीं लगा था कि मैं शो जीतूंगी। हमने कई रियलिटी शो देखे हैं और जानते हैं कि विजेता चुनते समय मशहूर चेहरों को लेकर एक तरह का पक्षपात हो सकता है। मेकर्स ऐसा इसलिए भी करते हैं ताकि अगले सीजन के लिए बड़े कलाकारों तक पहुंच बनाई जा सके।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें लगने लगा था कि शो में उन्होंने अपना सब कुछ दे दिया है और जीत मिले या न मिले, उनके लिए यह सफर पहले ही खास बन चुका था।
श्रेया ने कहा, “मैंने खुद से कह दिया था कि मैंने शो को जो देना था, दे दिया। अगर मैं शो नहीं भी जीतती, तब भी जिंदगी में मेरी जीत थी। मैंने अपनी स्पीच में भी यही कहा था कि इस सफर में जो दोस्त बने, जिस तरह फैंस ने मेरा साथ दिया, उस पल मैं बहुत खुश थी।”
शिवांगी के जीतने की खबरों पर बात करते हुए श्रेया ने कहा, “मैंने शिवांगी जोशी के विनर बनने की अफवाहें सुनी थीं। यहां तक कि गूगल पर भी वही दिख रहा था। मैंने इसे स्वीकार कर लिया था। लेकिन जब मुझे पता चला कि शो की विजेता मैं हूं, तो मैं सच में हैरान रह गई।”
एक करोड़ रुपये और ट्रॉफी अपने नाम
श्रेया कलरा ने ‘लॉक अप 2’ की ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपये की बड़ी इनामी राशि भी अपने नाम की। शिवांगी जोशी शो की फर्स्ट रनर-अप रहीं।
फिनाले तक पहुंचने वाले अन्य प्रतियोगियों में राम कपूर, शिल्पा शिंदे और योगेश रावत शामिल थे। वहीं, फिनाले से पहले वरुण यादव और आकांक्षा चमोला शो से बाहर हो गए थे।
आकांक्षा चमोला का सफर उस समय खत्म हुआ, जब होस्ट रितेश देशमुख ने प्रतियोगियों से सामूहिक फैसला लेने को कहा। योगेश, श्रेया और वरुण ने सर्वसम्मति से आकांक्षा को बाहर करने के पक्ष में वोट किया।
श्रेया के लिए ‘लॉक अप 2’ की जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि शो में आने से पहले शायद ही किसी ने उन्हें सबसे मजबूत दावेदार के रूप में देखा हो। लेकिन पूरे सीजन के दौरान दर्शकों का समर्थन हासिल करते हुए उन्होंने न सिर्फ फिनाले तक जगह बनाई, बल्कि आखिर में ट्रॉफी और एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी अपने नाम कर ली।
With inputs from IANS