
झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहा छात्र आंदोलन अब प्रदेश की सीमा से बाहर भी चर्चा में है। सोमवार को रांची में विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर अभिनेता प्रकाश राज ने सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा किया, जिसे प्रदर्शन स्थल का बताया गया है। वीडियो में पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ते और लाठीचार्ज करते हुए दिखाई देने का दावा किया गया है। सोमवार शाम विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की ओर से तीसरी बार लाठीचार्ज किए जाने की बात सामने आई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में कथित अनियमितताओं की CBI जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में सुधार शामिल है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी भी देखने को मिली। छात्रों ने साफ किया कि लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बावजूद वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।
इस आंदोलन को अभिनेता और गीतकार पीयूष मिश्रा का भी समर्थन मिला। वह छात्रों के प्रदर्शन के बीच रांची पहुंचे और उनके शांतिपूर्ण आंदोलन की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्र बिना अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए अपनी बात रख रहे हैं। इस दौरान पीयूष मिश्रा ने फिल्म 'गुलाल' का चर्चित गीत 'आरंभ है प्रचंड' भी गाया। उनके साथ प्रदर्शन कर रहे छात्र भी गीत में शामिल हुए। इससे आंदोलन स्थल पर माहौल काफी अलग नजर आया।
पीयूष मिश्रा के अलावा अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की ओर से भी झारखंड के आंदोलनरत छात्रों के समर्थन की बात सामने आई है। फिल्मी सितारों के समर्थन के बाद JPSC-JSSC विवाद और छात्रों की मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा और तेज हुई है। अब सवाल सिर्फ आंदोलन के आगे बढ़ने का नहीं, बल्कि सरकार और छात्रों के बीच समाधान का है। एक तरफ छात्र CBI जांच और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग पर कायम हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में सरकार का अगला कदम इस पूरे आंदोलन की दिशा तय कर सकता है।