
Sunny Deol vs Emraan Hashmi: सनी देओल की मच अवेटेड फिल्म ‘बंटवारा 1947’ और इमरान हाशमी स्टारर ‘आवारापन 2’ के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला अब दिलचस्प होता नजर आ रहा है। दोनों फिल्मों की रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े सामने आए हैं, जिसमें फिलहाल इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ काफी आगे दिखाई दे रही है।
Sacnilk की शुरुआती ट्रैकिंग के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ ने पहले दिन के लिए करीब 2.74 लाख रुपये का एडवांस बुकिंग ग्रॉस कलेक्शन किया है। इस आंकड़े में ब्लॉक सीट्स को शामिल नहीं किया गया है। शुरुआती ट्रेंड को देखें तो सनी देओल की फिल्म फिलहाल धीमी शुरुआत करती नजर आ रही है।
वहीं इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने एडवांस बुकिंग में करीब 8.7 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज कर लिया है। इसमें भी ब्लॉक सीट्स को शामिल नहीं किया गया है। यानी इस शुरुआती आंकड़े के आधार पर ‘आवारापन 2’ ने ‘बंटवारा 1947’ को तीन गुना से ज्यादा की बढ़त से पीछे छोड़ दिया है।
अगर रिजर्व या ब्लॉक सीटों को भी आंकड़ों में शामिल किया जाए तो दोनों फिल्मों के बीच का अंतर और स्पष्ट हो जाता है। ‘आवारापन 2’ ने पहले दिन के लिए करीब 23.66 लाख रुपये की एडवांस कमाई दर्ज की है। वहीं ‘बंटवारा 1947’ की एडवांस कमाई रिजर्व सीटों के साथ लगभग 13.53 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, ये शुरुआती एडवांस बुकिंग आंकड़े हैं और रिलीज से पहले इनमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। असली तस्वीर फिल्म की रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से ही साफ होगी।
‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी और अली फजल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है, जबकि आमिर खान इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी असगर वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जम्याई नई’ पर आधारित बताई गई है।
दूसरी ओर, ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी नजर आएंगी। फिल्म को विशेष भट्ट प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिलहाल एडवांस बुकिंग में ‘आवारापन 2’ ने बढ़त बना ली है, लेकिन बॉक्स ऑफिस की असली परीक्षा रिलीज के बाद होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि सिनेमाघरों में दर्शकों की पहली पसंद कौन बनता है—सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ या इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’।