हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए कॉरिडोर बचाना जरूरी: दीया मिर्जा ने सरकार से की ठोस कदम उठाने की अपीलBy Admin Wed, 12 August 2026 07:27 PM

अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा ने विश्व हाथी दिवस के मौके पर सरकार से हाथी कॉरिडोर की सुरक्षा के लिए और प्रभावी कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाथियों के संरक्षण का मतलब केवल जंगलों और अभयारण्यों को बचाना नहीं, बल्कि उनके पारंपरिक आवागमन मार्गों को सुरक्षित रखना भी है।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में दीया ने बताया कि हाथी भोजन और पानी की तलाश, साथी की खोज और अपने बच्चों के पालन-पोषण के लिए नदियों, घास के मैदानों, खेतों और जंगलों के बीच लंबी दूरी तय करते हैं। ऐसे में अलग-अलग प्राकृतिक आवासों को आपस में जोड़कर रखना बेहद जरूरी है, ताकि हाथी सुरक्षित तरीके से एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र तक जा सकें।

दीया ने इसे हाथियों का "राइट ऑफ पैसेज" यानी सुरक्षित आवागमन का अधिकार बताया। उन्होंने कहा कि दशकों से चले आ रहे हाथियों के इन प्राकृतिक मार्गों पर सड़क, रेलवे, खनन, बस्तियों और दूसरे विकास कार्यों का दबाव बढ़ रहा है। इससे उनके आवास छोटे और अलग-अलग हिस्सों में बंट रहे हैं, जिससे मानव-हाथी संघर्ष का खतरा भी बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हाथी संरक्षण को अब केवल जंगलों तक सीमित रखने के बजाय पूरे भू-दृश्य की कनेक्टिविटी पर ध्यान देना होगा। उनके मुताबिक, हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए ऐसे प्राकृतिक रास्तों को बनाए रखना जरूरी है, जो उन्हें अलग-अलग आवासों से जोड़ते हैं।

दीया ने सरकार से भूमि उपयोग की योजना बनाते समय वन्यजीव कॉरिडोर और प्राकृतिक कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कंपनियों को भी विकास परियोजनाओं की योजना बनाते समय वन्यजीवों के आवागमन का ध्यान रखना चाहिए, जबकि स्थानीय समुदाय इन क्षेत्रों के वास्तविक संरक्षक हैं और उनकी भागीदारी संरक्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने Wildlife Trust of India की Right of Passage पहल का भी उल्लेख किया। इस पहल के तहत सरकारों, स्थानीय समुदायों और अन्य साझेदारों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण हाथी कॉरिडोर की पहचान, सुरक्षा और बहाली पर काम किया जा रहा है, ताकि विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन कायम किया जा सके।

दीया ने लोगों से भी हाथियों के संरक्षण के प्रयासों में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे से छोटा सहयोग भी हाथियों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

विश्व हाथी दिवस हर साल 12 अगस्त को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दुनिया भर में हाथियों के सामने मौजूद खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।

हाथियों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनके खत्म होने से केवल हाथियों का आवागमन प्रभावित नहीं होता, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने और हाथियों की आबादी के दीर्घकालिक अस्तित्व पर भी असर पड़ सकता है।
 

With inputs from IANS