फातिमा सना शेख ने अनुराग बसु को लेकर फैली गलतफहमी को किया दूर: "वो स्क्रिप्ट के बिना काम नहीं करते"By Admin Thu, 12 June 2025 03:22 AM

मुंबई — अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने फिल्म निर्देशक अनुराग बसु को लेकर प्रचलित एक आम गलतफहमी पर सफाई दी है। फातिमा एक बार फिर अनुराग बसु के साथ उनकी आगामी फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' में काम कर रही हैं। इससे पहले दोनों 'लूडो' में साथ काम कर चुके हैं।

हाल ही में आईएएनएस से बातचीत में फातिमा ने बताया कि अनुराग बसु के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा और उनके सेट पर दिन कैसे गुजरता है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अनुराग बसु स्क्रिप्ट के साथ ही काम करते हैं।

फातिमा ने कहा,

“मुझे उनके साथ काम करना बहुत पसंद है। असल में, लोगों को गलतफहमी है। वह बहुत ऑर्गनाइज़्ड इंसान हैं। जब आप सेट पर होते हैं, तो पूरा दिन 5-6 घंटे में निकल जाता है। कभी ओवरटाइम नहीं होता। वह बहुत तेज़ी से काम करते हैं। वह एक दिन में 4-5 बड़े सीन आसानी से शूट कर लेते हैं, जो आम तौर पर बहुत मुश्किल होता है, खासकर जब फिल्म में बड़ी कास्ट हो।”

फातिमा ने यह भी बताया कि अनुराग बहुत प्रोडक्टिव हैं और उन्हें पता होता है कि उन्हें क्या चाहिए।

“काम में समय तो लगता है, लेकिन वह बहुत प्रभावशाली तरीके से काम करते हैं। उन्हें अपने शॉट्स का पहले से ही अंदाजा होता है। वह समय बर्बाद नहीं करते।”

गौरतलब है कि कुछ साल पहले बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर ने AIB के साथ एक पॉडकास्ट में कहा था कि अनुराग बसु स्क्रिप्ट के बिना काम करते हैं। उन्होंने 'बर्फी' और 'जग्गा जासूस' के अपने अनुभव के आधार पर यह बात कही थी। लेकिन फातिमा का अनुभव इन दावों से अलग है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या अनुराग पूरी तैयारी के साथ सेट पर आते हैं, तो उन्होंने कहा,

“मुझे लगता है कि वह पूरी से भी ज़्यादा तैयारी के साथ आते हैं। वह बहुत ही इंस्टिंक्टिव हैं। वो समय से पहले आकर खुद ब्लॉकिंग करते हैं, खुद अभिनय करके दिखाते हैं। लोग यह सब नहीं देखते। अभिनेता को अगर उस पल में खुद को पूरी तरह समर्पित करना है, तो सेट पर हर चीज़ परफेक्ट होनी चाहिए। और अनुराग सर हमेशा 100% तैयार होते हैं। और साथ ही, कलाकारों के लिए एक्सप्लोर करने की भी गुंजाइश होती है।”

उन्होंने यह भी जोड़ा,

“यह मुमकिन ही नहीं है कि कोई निर्देशक बिना स्क्रिप्ट के फिल्म बनाए। ‘बर्फी’ या ‘जग्गा जासूस’ जैसी फिल्में बनाना तकनीकी रूप से बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे रियलिस्टिक और अनोखे संसार को बिना स्पष्ट विज़न के रचना असंभव है।”

‘मेट्रो... इन दिनों’ को गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जो अनुराग बसु प्रोडक्शंस प्रा. लि. के सहयोग से निर्मित है। इस फिल्म के निर्माता हैं भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, अनुराग बसु और तानी बसु।

यह फिल्म 4 जुलाई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।

 

WIth inputs from IANS