

Photo: IANS
टीवी अभिनेत्री शिवांगी जोशी ने ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने की खबरों पर विराम लगा दिया है। अभिनेत्री ने साफ कर दिया है कि वह इस बार रियलिटी शो का हिस्सा नहीं बन रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो को भी फर्जी बताया है, जिसमें उनकी शो में एंट्री की पुष्टि का दावा किया जा रहा था।
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम शिवांगी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सफाई दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर उनके ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने को लेकर एक वीडियो तेजी से फैल रहा है, लेकिन उसमें किया गया दावा पूरी तरह गलत है।
अभिनेत्री ने लिखा कि उनके संज्ञान में एक ऐसा वीडियो आया है, जिसमें ‘बिग बॉस 20’ में उनकी भागीदारी की झूठी पुष्टि की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शो में हिस्सा नहीं ले रही हैं और वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है।
शिवांगी की इस सफाई के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है, जो पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर उनके ‘बिग बॉस 20’ में शामिल होने को लेकर चल रही थीं। कई फैन पोस्ट में उन्हें शो की पहली कंफर्म कंटेस्टेंट तक बताया जा रहा था।
‘बिग बॉस 20’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्सुकता है। शो का प्रीमियर 6 सितंबर को होने वाला है और सलमान खान एक बार फिर इसकी मेजबानी करते नजर आएंगे। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक सभी प्रतिभागियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है।
शो के संभावित प्रतिभागियों को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजत बेदी का नाम कंफर्म बताया जा रहा है, जबकि गीता बसरा और शोविक चक्रवर्ती के भी शो में शामिल होने की खबरें हैं। नीति टेलर और अंजलि अरोड़ा के साथ बातचीत अंतिम दौर में होने की बात कही जा रही है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा होने तक इन नामों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
शिवांगी जोशी की बात करें तो वह हाल ही में ‘लॉक अप सीजन 2’ में नजर आई थीं। उन्होंने शो में मजबूत प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया। 5 अगस्त 2026 को हुए ग्रैंड फिनाले में श्रेया कालरा ने विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
शिवांगी के ‘बिग बॉस 20’ में शामिल नहीं होने की पुष्टि के बाद अब प्रशंसकों की नजर शो के निर्माताओं की ओर से जारी होने वाली आधिकारिक कंटेस्टेंट लिस्ट पर है।
