प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर आकांक्षा चमोला ने साधी चुप्पी, गौरव खन्ना के परिवार की प्रतिक्रिया पर भी किया खुलासाBy IANS Wed, 26 August 2026 11:57 AM

Photo: IANS

अभिनेत्री और ‘लॉक अप 2’ की पूर्व कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला ने रियलिटी शो के दौरान बताए जाने वाले अपने तीसरे सीक्रेट को लेकर चल रही चर्चाओं पर खुलकर बात की है। उन्होंने प्रेग्नेंसी की अफवाहों पर भी प्रतिक्रिया दी और शो में अपनी बाइसेक्शुअलिटी का खुलासा करने के बाद अपने परिवार और ससुराल वालों के रिएक्शन के बारे में जानकारी दी।

IANS के साथ खास बातचीत में आकांक्षा से जब उनके तीसरे सीक्रेट को लेकर चल रही इस अटकल के बारे में पूछा गया कि क्या वह प्रेग्नेंसी से जुड़ा हो सकता है, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से इनकार कर दिया। सवाल सुनकर कुछ घबराई हुई नजर आईं आकांक्षा ने कहा, “नहीं, नहीं, नहीं। सवाल को पलट दीजिए। मुझे तीसरे सीक्रेट के पैसे मिलेंगे। अगर कोई इसके बारे में कुछ कहता है, तो मैं तीसरा सीक्रेट बता दूंगी। वरना मैं नहीं बताऊंगी।”

उनके इस जवाब के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि उनका तीसरा सीक्रेट प्रेग्नेंसी से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, आकांक्षा ने कभी इस अटकल की पुष्टि नहीं की। वह तीसरा सीक्रेट सामने लाने से पहले ही शो से बाहर हो गई थीं।

‘लॉक अप 2’ में आकांक्षा ने अपने दो सीक्रेट दर्शकों के साथ साझा किए थे। उन्होंने पहले अपने पति और अभिनेता गौरव खन्ना से अलगाव के बारे में बताया था। इसके बाद उन्होंने अपनी बाइसेक्शुअलिटी का खुलासा किया था। उनका यह बयान शो के सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले पलों में शामिल रहा।

शो से बाहर आने के बाद जब आकांक्षा से पूछा गया कि इन खुलासों पर उनके माता-पिता या गौरव खन्ना के माता-पिता की क्या प्रतिक्रिया रही, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके ससुराल वालों ने उनसे इस विषय में कोई बातचीत नहीं की, क्योंकि दोनों पक्षों के बीच फिलहाल बातचीत नहीं होती।

आकांक्षा ने कहा, “मेरे ससुराल वालों ने कुछ नहीं कहा, क्योंकि हम एक-दूसरे से बात नहीं करते। और मेरे माता-पिता क्या कहेंगे? हमारे माता-पिता हमारे अपने होते हैं। कौन सा माता-पिता अपने बच्चे से कुछ कहेगा?”

शो में रहते हुए आकांक्षा ने अपने तीसरे सीक्रेट को काफी गंभीर बताया था। उन्होंने यहां तक संकेत दिया था कि अगर उन्होंने वह राज खोल दिया, तो वह और गौरव दोनों सार्वजनिक रूप से बुरी तरह निशाने पर आ सकते हैं। उनके इस बयान ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी थी और सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह के कयास लगाने लगे थे।

हालांकि, आकांक्षा अपने खुलासों को ‘बहुत डार्क’ बताए जाने से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह करीब डेढ़ साल से अपने माता-पिता के साथ रह रही थीं और इसलिए उनके लिए उनके जीवन से जुड़ी बातें पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं थीं।

उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता को शायद इस तरह के खुलासे की उम्मीद नहीं थी, लेकिन वे किसी न किसी स्तर पर इसके लिए तैयार थे। आकांक्षा के मुताबिक, उनके माता-पिता को इन बातों की जानकारी सीधे उनसे नहीं, बल्कि नेटफ्लिक्स के जरिए मिली।

आकांक्षा ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि यह कोई डार्क खुलासा था। मैं पिछले डेढ़ साल से अपने माता-पिता के साथ रह रही हूं, इसलिए यह उनके लिए कोई बड़ी खबर नहीं थी। उन्होंने इसकी उम्मीद नहीं की होगी, लेकिन यह होना ही था। वे एक तरह से तैयार थे। बस उन्हें इसके बारे में नेटफ्लिक्स के जरिए पता चला। जहां तक बाइसेक्शुअलिटी की बात है, मुझे लगता है कि उन्हें इसके बारे में भी वहीं से पता चला।”

शो में आकांक्षा ने बताया था कि वह बाइसेक्शुअल हैं और शादी से पहले महिलाओं के साथ उनके रिश्ते भी रहे हैं। इस खुलासे के बाद उनकी निजी जिंदगी, गौरव खन्ना के साथ रिश्ते और दोनों के बीच अलगाव को लेकर भी काफी चर्चा हुई।

तीसरे सीक्रेट को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है। आकांक्षा के शो से बाहर हो जाने के बाद भी प्रेग्नेंसी समेत अलग-अलग कयास लगाए जाते रहे हैं, लेकिन अभिनेत्री ने फिलहाल इस राज से पर्दा नहीं उठाया है।

 

ADVERTISEMENT
Advertisement